HIGHLIGHTS:
- पिछोर क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी दबिश
- 27,200 किलो गुड़ लहान मौके पर नष्ट
- 46 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त
- 27.69 लाख रुपए की अवैध सामग्री जब्त
- 10 प्रकरण दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार

SGIVPURI POLICE ACTION: ग्वालियर। शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जिला आबकारी विभाग ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर रविंद्र चौधरी और उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। बता दें कि कार्रवाई के दौरान करीब 27 लाख 69 हजार 200 रुपए कीमत की अवैध शराब और गुड़ लहान जब्त कर नष्ट किया गया।
सिलपुरा कंजर डेरा समेत कई ठिकानों पर छापेमारी
जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में वृत्त पिछोर प्रभारी लोकेश बेवारिया की टीम ने खनियाधाना के पास सिलपुरा कंजर डेरा सहित कई स्थानों पर दबिश दी। यहां जमीन में बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर तिरपाल से ढककर गुड़ लहान छिपाया गया था। टीम ने 27,200 किलोग्राम गुड़ लहान के नमूने लेकर मौके पर ही नष्ट किया।
46 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त
कार्रवाई के दौरान 46 लीटर हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई। इसके अलावा सीमेंट की टंकियों में कच्ची शराब बनाने की सामग्री भरी मिली। शराब बनाने की भट्ठियां और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
10 प्रकरण दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक तीर्थराज भारद्वाज, गौरव कुमार कोल सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।