HIGHLIGHTS:
- 20 किमी दूर बनाया गया परीक्षा केंद्र
- ठंड में छात्राओं को करना पड़ा लंबा सफर
- 8 किमी सीमा नियम पर उठे सवाल
- जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
- स्थानीय स्तर पर केंद्र बनाने की मांग
BOARD EXAMS 2026: मुरैना। बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत के साथ ही झुंडपुरा की छात्राओं को परीक्षा से पहले बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। बता दें कि शासकीय कन्या हाईस्कूल और शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का परीक्षा केंद्र 20 किलोमीटर दूर सबलगढ़ में बनाए जाने से छात्राओं और उनके अभिभावकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ठंड में तय करनी पड़ रही लंबी दूरी
मंगलवार को परीक्षा के पहले दिन कड़ाके की ठंड में छात्राएं निजी और किराए के वाहनों से परीक्षा देने पहुंचीं। कई अभिभावक बेटियों को दोपहिया वाहन से केंद्र तक छोड़ने गए और परीक्षा समाप्त होने तक बाहर इंतजार करते रहे। परिवहन के सीमित साधनों के कारण समय पर केंद्र तक पहुंचना बड़ी चुनौती बना रहा।
SC का ऐहितासिक फैसला, कहा- सलवार का नाड़ा खोलना महज ‘छेड़छाड़’ नहीं, बल्कि सीधे ‘रेप का प्रयास’
नियमों पर उठ रहे सवाल
अभिभावकों का कहना है कि नियमानुसार परीक्षा केंद्र 8 किलोमीटर से अधिक दूरी पर नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद पिछले कुछ वर्षों से केंद्र सबलगढ़ में ही बनाया जा रहा है। जबकि झुंडपुरा उपतहसील और नगरपालिका मुख्यालय है, यहां पुलिस चौकी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।
जनप्रतिनिधियों ने जताई आपत्ति
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बाबूलाल त्रिपाठी और पूर्व पार्षद एडवोकेट नरेंद्र देव रविकर ने भी केंद्र दूर बनाए जाने को अनुचित बताया। उनका कहना है कि इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ती है और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी पड़ता है। साथ ही पालकों की मांग है कि छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए झुंडपुरा में ही परीक्षा केंद्र बनाया जाए।