HIGHLIGHTS:
- IndiaMART के जरिए सस्ते मेकअप सामान का झांसा देकर 1.12 लाख की ठगी।
- व्यापारी ने तीन किस्तों में किए 78 हजार, 21 हजार और 13 हजार रुपये का भुगतान।
- ठग ने फर्जी ट्रांसपोर्ट बिल्टी भेजकर किया भरोसे का खेल।
- पैसे मिलने के बाद आरोपी ने फोन बंद किया, सामान नहीं पहुंचाया।
- पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर साइबर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, कुसुमबाई मार्केट में कॉस्मेटिक का व्यापार करने वाले सोनू श्रीवास ने करीब छह महीने पहले ऑनलाइन मेकअप सामग्री खरीदने के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान उनकी पहचान एक कथित सप्लायर से हुई, जो सस्ते दामों में सामान उपलब्ध कराने का झांसा देता रहा।
तीन किस्तों में जमा कराए रुपये
2 फरवरी को व्यापारी ने 78 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद 3 फरवरी को 21 हजार रुपये और 6 फरवरी को 13 हजार रुपये नगद व ऑनलाइन माध्यम से दिए। इस तरह कुल 1 लाख 12 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया। भुगतान के बाद आरोपी ने माल भेजने का भरोसा दिलाया और एक फर्जी ट्रांसपोर्ट बिल्टी भी भेज दी।
संपर्क बंद, नहीं पहुंचा सामान
कुछ दिन बाद जब व्यापारी ने डिलीवरी के संबंध में संपर्क किया तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। न तो सामान भेजा गया और न ही रकम वापस की गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर ट्रांजैक्शन डिटेल, कॉल रिकॉर्ड और फर्जी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। साइबर साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई का दावा किया गया है।