भिंड में अपर कलेक्टर और ASP ने किया पटाखा बाजार का निरीक्षण, सुरक्षा के दिए निर्देश; नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
दीपावली से पहले भिंड के मेला ग्राउंड में लगे पटाखा बाजार का अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया और ASP प्रदीप पटेल ने निरीक्षण किया।


Bhind News: दीपावली के त्योहार को देखते हुए भिंड प्रशासन ने पटाखा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। इसी कड़ी में अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने मेला ग्राउंड भिंड में लगे पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों में आग से बचाव के इंतजाम, लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम भिंड महेंद्र सौजन्या, सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
पटाखा दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री केवल वैध लाइसेंस और प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। प्रत्येक दुकान के सामने आग बुझाने के उपकरण, पानी और बालू की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए।
इसके अलावा दुकानों के आसपास धूम्रपान, खुली आग और बिजली के तारों से होने वाले संभावित खतरे को लेकर भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लाइसेंस की शर्तों का पालन करने निर्देश
अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया ने कहा कि दीपावली का त्योहार उत्साह के साथ-साथ सुरक्षा को ध्यान में रखकर मनाया जाना चाहिए। पटाखा विक्रेताओं को लाइसेंस की सभी शर्तों का पालन करने और दुकानों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एक लाइसेंस पर किसी दूसरे व्यक्ति से दुकान संचालित करवाने या लाइसेंस का दुरुपयोग करने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पटाखा बाजार में तैनात रहेगा पुलिस बल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। पटाखा बाजार में भीड़ नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पटाखे खुले स्थान पर ही जलाएं, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और आग से बचाव से जुड़े सभी निर्देशों का पालन करें।
नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों पर प्रशासन की सख्ती
प्रशासन ने साफ किया है कि पटाखा बाजार में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में सुरक्षा इंतजाम बनाए रखना दुकानदारों की जिम्मेदारी है। प्रशासन और पुलिस की निगरानी का उद्देश्य दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और त्योहार को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।

