MP NEWS: पंचायत भवन में पहुंचा पूर्व सरपंच का बेटा, महिला पटवारी से की बदसलूकी, VIDEO वायरल

MP NEWS: दतिया । जिले के सैमई गांव में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूर्व सरपंच का बेटा पंचायत भवन में नशे की हालत में पहुंच गया। इसके बाद महिला पटवारी से जमकर अभद्रता करने लगा। महिला द्वारा घटना का वीडियो बनाने पर युवक ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। गाली-गलौज व धक्का मुक्की करने लगा। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। अब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्या है पूरा मामला? गुरुवार को सैमई पंचायत भवन में नशा विरोधी कार्यक्रम चल रहा था। तभी पूर्व सरपंच का बेटा राममिलन दांगी नशे की हालत में पंचायत भवन में घुस आया। वहां ड्यूटी पर तैनात महिला पटवारी के साथ बदसलूकी करने लगा। वायरल वीडियो में राममिलन दांगी महिला पटवारी से कहता नजर आ रहा है: “सरकारी कर्मचारी हो, सरकारी कर्मचारी जैसे रहो… तुम्हारी कितनी औकात है, बता देंगे हम… यहीं बैठकर सीएम को फोन लगाकर तुम्हारी नौकरी खा लेंगे!” इसके बाद वह महिला को मां-बहन की गालियां देता है, मोबाइल तोड़ देता है और धक्का-मुक्की भी करता है। महिला पटवारी ने की शिकायत: घटना के बाद महिला पटवारी ने धीरपुरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को सबूत के तौर पर खंगाल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी की संभावनाएं जताई जा रही हैं (MP NEWS)। READ MORE : दीवार तोड़कर भागे 6 ‘खतरनाक’ नाबालिग, बाल सुधार गृह से फिर आई चौंकाने वाली खबर
IND vs WI: ना रोहित, ना विराट…करवा चौथ ने बढ़ाई मुश्किल, दूसरे टेस्ट में बना चौंकाने वाला रिकॉर्ड

India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में एक हैरान करने वाला नज़ारा देखने को मिला। स्टेडियम लगभग खाली था। 35,000 दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में पहले दिन सिर्फ 673 लोग ही मैच देखने पहुंचे। यह भारत में टेस्ट मैच के पहले दिन की अब तक की सबसे कम दर्शक संख्या बताई जा रही है। टेस्ट क्रिकेट में कम होती दिलचस्पी इस टेस्ट मैच (IND vs WI) में न तो विराट कोहली हैं और न ही रोहित शर्मा, जिससे कई फैन्स ने शायद रुचि नहीं दिखाई। साथ ही पिछले कुछ वर्षों में टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता में भी कमी आई है। क्या करवा चौथ है वजह? दिल्ली में 10 अक्टूबर को करवा चौथ का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया गया। संयोग से उसी दिन से यह टेस्ट मैच भी शुरू हुआ। माना जा रहा है कि करवा चौथ के कारण भी कई क्रिकेट प्रेमी घरों में ही रहे। त्योहार के कारण शहर की व्यस्तता और पारिवारिक जिम्मेदारियों की वजह से दर्शकों की संख्या पर असर पड़ा। भारत में पहली बार किसी टेस्ट मैच (IND vs WI) के पहले दिन इतनी कम संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे हों, ऐसा शायद ही कभी देखा गया हो। यह एक नेगेटिव रिकॉर्ड है जो क्रिकेट बोर्ड और आयोजकों के लिए चिंता का विषय हो सकता है। READ MORE: तिरंगे का ऐसा इस्तेमाल है गैरकानूनी? स्विमिंग ड्रेस विवाद ने खोले झंडे से जुड़े नियम…
Morena News: प्रेमी की तलाश में हताश विधवा, थाने के बाहर दो घंटे बेहोश, जानिए पूरा मामला

Morena News: मुरैना। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट की रहने वाली एक 34 वर्षीय विधवा महिला अपने 21 साल के प्रेमी की तलाश में एक बार फिर मुरैना पहुंची। महिला गुरुवार शाम को मुरैना के स्टेशन रोड थाने के सामने बेहोश हो गई। करीब दो घंटे तक वहीं पड़ी रही, लेकिन किसी पुलिसकर्मी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। बाद में राहगीरों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी, तब पुलिस पहुंची। फेसबुक पर हुई थी दोस्ती महिला की युवक सचिन पचौरी से एक साल पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। दोनों कई बार झांसी और चित्रकूट के होटलों में भी मिले। युवक ने महिला से शादी का वादा किया था, जिसके बाद वह पहली बार सितंबर में मुरैना पहुंची थी। पहले भी हुआ था धोखा सितंबर में जब महिला शादी के लिए मुरैना आई थी, तो सचिन के परिवार ने उससे कहा था कि वे शादी के लिए तैयार हैं। उसे एक होटल में ठहराया गया था। रात में ही पूरा परिवार घर पर ताला लगाकर भाग गया। अगली सुबह जब महिला उनके घर पहुंची, तो उसे अपने साथ हुआ धोखा समझ में आया। इस बार भी खाली हाथ लौटी महिला गुरुवार को महिला दोबारा मुरैना आई, लेकिन सचिन और उसका परिवार पहले से ही घर पर ताला लगाकर फरार हैं। महिला थाने के सामने बेहोश हो गई थी। उसके हाथ में कैनुला लगा था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह बीमार थी। करीब दो घंटे तक वह वहीं पड़ी रही, लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की। बाद में कंट्रोल रूम को सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। महिला स्टाफ न होने के कारण एक राहगीर महिला की मदद से उसे थाने ले जाया गया। सीएसपी दीपाली चंदेरिया के अनुसार, आरोपी युवक सचिन पचौरी के खिलाफ झांसी और चित्रकूट में केस दर्ज हैं। महिला को फिलहाल नारी सुधार गृह भेज दिया गया है। प्रेमी और परिवार अभी भी फरार बताया गया है कि आरोपी सचिन पचौरी मुरैना की सिंघल बस्ती में अपने परिवार के साथ रहता था, लेकिन पिछले एक महीने से घर पर ताला लगा है। पूरा परिवार फरार है। महिला अब भी उसे ढूंढने के लिए बार-बार मुरैना आ रही है। READ MORE: करवा चौथ पर मच गया घमासान, पत्नी ने ऐसी ज़िद की थाने पहुंचा मामला
Karva Chauth: करवा चौथ पर मच गया घमासान, पत्नी ने ऐसी ज़िद की थाने पहुंचा मामला

Karva Chauth: ग्वालियर। करवा चौथ जैसे पावन अवसर पर जहां महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखती हैं। वहीं ग्वालियर से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने सिर्फ इस बात पर पति से झगड़ा कर लिया कि उसने उसे करवा चौथ पर साड़ी नहीं दिलाई। मामला इतना बढ़ गया कि महिला थाने तक पहुंच गया। हालांकि, काउंसलिंग के बाद दोनों में सुलह हो गई। ग्वालियर के महिला थाने में करवा चौथ से जुड़े ऐसे तीन मामले सामने आए हैं, जहां साड़ी न दिलाने की वजह से पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। सबसे चौंकाने वाला मामला उस महिला का था जो आमतौर पर सूट पहनती हैं, लेकिन करवा चौथ पर साड़ी पहनने की इच्छा जताई। जब पति ने साड़ी दिलाने से इनकार किया, तो बात थाने तक जा पहुंची। अखिरकार सुलझ गया मामला महिला थाने के काउंसलर्स के मुताबिक, इन मामलों में काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी को समझाया गया कि रिश्तों में संवाद और समझ जरूरी है। संबंधित पति को समझाया गया कि करवा चौथ जैसे त्योहार पर पत्नी की भावनाओं को समझना चाहिए है। काउंसलिंग के बाद पति ने पत्नी को साड़ी खरीदने के लिए पैसे दे दिए, जिससे मामला शांत हो गया और दोनों के बीच सुलह हो गई। इस कदम से उनका रिश्ता टूटने से बच गया। READ MORE: आरएसएस प्रचारक पर जानलेवा हमला, सड़क पर उतरे लोग, जानें पूरा मामला
MP NEWS: आरएसएस प्रचारक पर जानलेवा हमला, सड़क पर उतरे लोग, जानें पूरा मामला

MP NEWS: बैतूल। जिले के मुलताई नगर में गुरुवार शाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव पर कुछ युवकों द्वारा किए गए हमले के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। इस घटना के बाद नगर के कई इलाकों में भारी भीड़ जमा हो गई । आखिर क्या है पूरा मामला प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिशुपाल यादव किसी कार्य से बाइक पर निकले थे, तभी रास्ते में कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। कहा जा रहा है कि एक युवक ने जानबूझकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। यह मामला देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। हमले में यादव घायल हो गए। भारी पुलिस बल तैनात घटना की खबर फैलते ही नगर में अफरा-तफरी मच गई। गांधी चौक और बस स्टैंड क्षेत्र में दोनों समुदायों के लोग सड़कों पर उतर आए । मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी), एसडीओपी और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। प्रदर्शनकारियों ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके अतिक्रमण हटाने की मांग की है। फिलहाल नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है । प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। आरएसएस कार्यकर्ता देवराज लोखंडे ने कहा, “हमारे जिला प्रचारक पर हमला बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे समाज में आक्रोश है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो और उनके अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं।” READ MORE : MP में छिपा बैठा एक और ‘धन कुबेर’? इनके घर पर लोकायुक्त की बड़ी छापेमारी
Gondwana Express: गोंडवाना एक्सप्रेस में यात्री की मौत, इलाज न मिलने पर रेलवे पर उठे सवाल…

Gondwana Express: ग्वालियर। हजरत निजामुद्दीन से रायगढ़ जा रही गोंडवाना एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक 60 वर्षीय यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई, लेकिन समय पर चिकित्सकीय सहायता न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपाल नंदी के रूप में हुई है, जो एस-5 कोच की 62 नंबर सीट पर सफर कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि जब गोपाल नंदी की तबीयत बिगड़ने लगी, तो उन्होंने तत्काल ट्रेन में मौजूद टीटीई और आरपीएफ से मदद की गुहार लगाई। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि मुरैना स्टेशन पर डॉक्टर उपलब्ध कराए जाएंगे। समय पर नहीं मिला इलाज़ हालांकि, ट्रेन के मुरैना स्टेशन पर रुकने के बाद भी न तो कोई डॉक्टर पहुंचा और न ही रेल स्टाफ ने कोई सक्रियता दिखाई। इसके बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने गोपाल नंदी को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते इलाज मिल जाता, तो गोपाल नंदी की जान बचाई जा सकती थी। घटना को लेकर यात्रियों में भी नाराज़गी देखी गई और रेलवे की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। READ MORE : दीवार तोड़कर भागे 6 ‘खतरनाक’ नाबालिग, बाल सुधार गृह से फिर आई चौंकाने वाली खबर
MP Big News : दीवार तोड़कर भागे 6 ‘खतरनाक’ नाबालिग, बाल सुधार गृह से फिर आई चौंकाने वाली खबर

MP Big News : खंडवा जिले के बाल संप्रेषण गृह से एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। गुरुवार सुबह 6 बाल अपचारी बाथरूम की दीवार तोड़कर फरार हो गए। ये सभी नाबालिग गंभीर अपराधों, विशेष रूप से नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामलों में बाल संप्रेषण गृह में बंद थे। दीवार तोड़कर भागे बाल अपचारी जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार सुबह 5 से 6 बजे के बीच की है। बाल अपचारियों ने रात में योजना बनाकर बाथरूम की दीवार तोड़ फरार हो गए। कर्मचारियों को इस घटना की जानकारी सुबह मिली। फरार हुए 6 नाबालिगों में से 5 खरगोन जिले से और 1 बुरहानपुर का निवासी है। 6 महीने में दूसरी बड़ी चूक यह कोई पहली घटना नहीं है। मात्र छह महीने पहले भी इसी बाल संप्रेषण गृह से 5 नाबालिग दीवार तोड़कर फरार हो गए थे। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। हैरानी की बात है बाल संप्रेषण गृह में दीवारें इतनी कमजोर हैं कि बार-बार तोड़ी जा रही हैं । घटना की जानकारी मिलते ही खंडवा कोतवाली पुलिस, सीएसपी और एसडीएम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। प्राथमिक जांच में लापरवाही पाए जाने पर दो प्रहरियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। पुलिस की टीमें फरार बाल अपचारियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। READ MORE: हजारों युवाओं की नौकरी पर संकट? इस मामले में हाईकोर्ट ने मांगा दो हफ्ते में जवाब
MP Government Teacher Jobs : हजारों युवाओं की नौकरी पर संकट? इस मामले में हाईकोर्ट ने मांगा दो हफ्ते में जवाब

MP Government Teacher Jobs : जबलपुर। माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षक के 10 हजार पदों पर भर्ती को लेकर हाईकोर्ट ने राज्य शासन, शिक्षा विभाग और डीपीआई (DPI) को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने सभी से दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। यह मामला भर्ती नियम 2024 के नियम 12.4 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने से जुड़ा है। इस नियम के तहत आरक्षित वर्ग के मेरिटोरियस अभ्यर्थियों को अनारक्षित कोटे में शामिल करने से रोका गया है, जिससे कई योग्य उम्मीदवारों को बाहर कर दिया गया। क्या है मामला? याचिका में कहा गया है कि पात्रता परीक्षा पास करने के बाद भर्ती नियमों में बदलाव कर दिए गए, जिससे हजारों उम्मीदवारों के भविष्य पर असर पड़ा है। नियम 12.4 के अनुसार 90% से कम अंक लाने वाले आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार अनारक्षित वर्ग में नियुक्ति के पात्र नहीं होंगे। भले ही उनकी मेरिट अनारक्षित वर्ग में चयन के योग्य हो। इस दिन होगी कोर्ट की अगली सुनवाई हाईकोर्ट ने याचिका के साथ दाखिल स्टे आवेदन पर भी नोटिस जारी किया है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 11 नवंबर को निर्धारित की गई है। READ MORE: ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में फिर टली सुनवाई, अब इस तारीख को होगी सुनवाई
Lokayukta Raid: MP में छिपा बैठा एक और ‘धन कुबेर’? इनके घर पर लोकायुक्त की बड़ी छापेमारी

Lokayukta Raid: लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को मध्यप्रदेश के पूर्व पीडब्ल्यूडी चीफ इंजीनियर जीपी मेहरा के खिलाफ बड़ी छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई पूर्व आरटीओ आरक्षक के खिलाफ हुई हालिया रेड के बाद लोकायुक्त द्वारा दूसरी बड़ी जांच मानी जा रही है। लोकायुक्त की टीम जीपी मेहरा (GP Mehra) के मणिपुरम स्थित आवास समेत अन्य ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही है। घर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कई गाड़ियों से अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। आखिर क्या हैं आरोप ? (Lokayukta Raid) लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार मेहरा पर आरोप हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान व्यापक भ्रष्टाचार किया। अवैध संपत्ति अर्जित की है। इस मामले में लोकायुक्त ने जांच के लिए अपनी टीम भेजी है। लोकायुक्त की ओर से छापेमारी के दौरान कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। माना जा रहा है कि यह मामला पूर्व आरटीओ आरक्षक सौरभ शर्मा (Saurabh Sharma) के भ्रष्टाचार के मामले से भी बड़ा हो सकता है। READ MORE : ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में फिर टली सुनवाई, अब इस तारीख को होगी सुनवाई
Datia News: 15 साल की छात्रा से प्रिंसिपल की अश्लील हरकत, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

Datia News: दतिया जिले के सर्वोदय स्कूल के प्रिंसिपल पर 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। फिर कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईपीसी की अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। क्या है पूरा मामला? पुलिस के अनुसार, यह घटना 29 सितंबर की है। सुबह लगभग 11 बजे छात्रा स्कूल के ग्राउंड में मौजूद थी, तभी स्कूल के प्रिंसिपल किशुनलाल कुशवाहा वहां पहुंचे । अभद्र भाषा में बातें करते हुए बोले – “तुम सबको टाइम देती हो, कभी मुझे भी दिया करो। जब हम बुलाएं तो हमारे पास आया करो।” इतना कहकर उन्होंने छात्रा के कंधे पर गलत नीयत से हाथ रख दिया। डर के कारण नहीं बताई बात घटना के समय छात्रा डर गई। किसी को कुछ नहीं बताया। वहीं 8 अक्टूबर को उसने अपने माता-पिता को पूरी घटना के बारे में बताया, जिसके बाद वे उसे लेकर कोतवाली थाना पहुंचे। पुलिस ने दर्ज किया मामला थाना प्रभारी धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी हैं। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। घटना सामने आने के बाद सर्वोदय स्कूल प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। समाज में ऐसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। READ MORE: 20 या 21 अक्टूबर? इस बार दीपावली की तारीख को लेकर मचा घमासान, जानिए क्या बोले काशी के पंडित…