Chambalkichugli.com

आज से एक महीने नहीं बजेगी शहनाइयां…. खरमास शुरू,,, शुभ कार्यों से करें परहेज

नई दिल्ली। हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष खरमास (Kharmas 2026) की शुरुआत 15 मार्च 2026 से हो रही है, जो 13 अप्रैल 2026 तक रहेगा। धार्मिक मान्यताओं (Religious Beliefs) के अनुसार इस अवधि को मांगलिक कार्यों (Auspicious Functions) के लिए शुभ नहीं माना जाता। इसलिए इस दौरान विवाह, सगाई, गृह प्रवेश, यज्ञ, नए व्यापार की शुरुआत या वाहन और घर की खरीदारी जैसे शुभ कार्य करने से परहेज किया जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जब सूर्य देव एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं, तो उस प्रक्रिया को संक्रांति कहा जाता है। जब सूर्य देव गुरु ग्रह की राशियों (धनु या मीन) में प्रवेश करते हैं, तब खरमास लगता है। इसे मलमास के नाम से भी जाना जाता है। यह समय आध्यात्मिक साधना, पूजा-पाठ और दान-पुण्य के लिए अधिक उपयुक्त माना जाता है। पंचांग के अनुसार 14 मार्च 2026 की अर्द्धरात्रि में सूर्य देव मीन राशि में प्रवेश करेंगे। सूर्य के इस राशि परिवर्तन के साथ ही खरमास की शुरुआत मानी जाएगी। उदया तिथि के अनुसार इसका प्रभाव 15 मार्च से माना जाएगा। सूर्य देव लगभग एक महीने तक मीन राशि में रहेंगे और इस दौरान ही खरमास की अवधि मानी जाती है। कब होगा खरमास का समापन?सूर्य देव जब 13 अप्रैल 2026 को मेष राशि में प्रवेश करेंगे, तब खरमास समाप्त हो जाएगा। इसे मेष संक्रांति भी कहा जाता है। इस दिन से फिर से मांगलिक और शुभ कार्य शुरू किए जा सकते हैं। साल में दो बार लगता है खरमासज्योतिष मान्यताओं के अनुसार वर्ष में दो बार खरमास लगता है। पहला खरमास: जब सूर्य मीन राशि में प्रवेश करते हैं, जो सामान्यतः मार्च से अप्रैल के बीच होता है। दूसरा खरमास: जब सूर्य धनु राशि में प्रवेश करते हैं, जो आमतौर पर दिसंबर से जनवरी के बीच आता है। इन दोनों अवधियों में शुभ और मांगलिक कार्यों को टालने की परंपरा है। क्यों नहीं किए जाते शुभ कार्य?धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जब सूर्य देव गुरु ग्रह की राशियों में होते हैं, तब उनकी स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर मानी जाती है। इसी कारण इस अवधि को शुभ कार्यों के लिए अनुकूल नहीं माना जाता। कुछ मान्यताओं में यह भी कहा जाता है कि इस समय सूर्य की ऊर्जा का प्रभाव संतुलित नहीं रहता, इसलिए नए और महत्वपूर्ण कार्य शुरू करने से बचना चाहिए। किन बातों का रखें ध्यानखरमास के दौरान विवाह, सगाई, गृह प्रवेश, मुंडन संस्कार, नामकरण, कर्णवेध जैसे मांगलिक कार्य नहीं करने चाहिए।इस दौरान नए व्यवसाय की शुरुआत और संपत्ति की खरीदारी जैसे कार्यों को भी टालना उचित माना जाता हैऐसा माना जाता है कि इस समय किए गए कार्यों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिलते।

यात्रियों को ट्रेनों में मिलेगी मुफ्त चाय-नाश्ता, खाना व अन्य सुविधाएं… रेलवे ला रहा नई स्कीम

Rail नई दिल्ली। रेलवे (Railway) यात्रियों (Passengers) को ट्रेनों में मुफ्त चाय-नाश्ता, खाना, नीचे की बर्थ, लग्जरी लॉउंज जैसी विशेष सुविधाएं देगा। यह कदम बजट एयरलाइंस (Budget Airlines) की ओर आकर्षित हो रहे यात्रियों को अपने साथ बनाए रखने की रणानीतिक दूरगामी सोच है। रेलवे लॉयलिटी प्रोग्राम (Railway Loyalty Programme) शुरू करने जा रहा है। इसमें अक्सर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को प्रति किमी. के हिसाब से रिवॉर्ड प्वाइंट्स दिए जाएंगे। इन्हें वह खानपान से लेकर किराये में कहीं भी कैश करा सकेंगे। रेलवे बोर्ड के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि आईआरसीटीसी पोर्टल को डिजिटल वॉलेट की तरह अपडेट किया जाएगा। यात्री जितनी लंबी दूरी तय करेगा, उतने अधिक रेल प्वाइंट्स उसे मिलेंगे। प्वाइंट्स यात्री के आधार-लिंक्ड आईआरसीटीसी खाते में जमा होंगे, जिससे धोखाधड़ी की गुंजाइश शून्य रहेगी। प्वाइंट्स को कैश की तरह प्रयोग किया जा सकेगा। इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर अप्रैल से वंदे भारत व तेजस एक्सप्रेस प्रीमियम ट्रेनों में शुरू किया जा सकता है। सफल होने के बाद सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में लागू किया जाएगा। रेलवे का दावा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा लॉयल्टी प्रोग्राम होगा। इसमें 7000 से अधिक रेलवे स्टेशन, साढ़े तीन हजार किमी. दूरी की ट्रेनें और प्रतिदिन तीन करोड़ यात्रियों को शामिल किया जाएगा। रिवॉर्ड प्वाइंट्स के कई लाभयात्री को टिकट बुकिंग के समय बेस किराये में छूट मिलेगी। या प्वाइंट्स के आधार पर पूरी टिकट मुफ्त में मिलेगी। सफर के दौरान रेलवे स्टेशन के लग्जरी लाउंज में भी मुफ्त आराम कर सकेंगे। ई-कैटरिंग से ऑर्डर कर ट्रेन में पसंद का मुफ्त भोजन मंगा सकेंगे। थर्ड एसी से सेकेंड एसी और सेकेंड एसी से फर्स्ट एसी में टिकट अपग्रेड करने की सुविधा मिलेगी। बजट एयरलाइंस चुनौतीलॉयलिटी प्रोगाम बजट एयरलाइंस से मिल रही चुनौती के बीच रेलवे के लिए वरदान साबित होगा। छोटी दूरी की फ्लाइट्स और लग्जरी बसों की ओर बढ़ते यात्रियों को वापस ट्रेनों में लाया जा सकेगा। इसके अलावा ऑफ सीजन बुकिंग के दौरान रेलवे प्वाइंट्स की वैल्यू बढ़ा सकती है, ताकि सीटें खाली न रहें।

असम विधानसभा चुनाव 2026: कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, 23 उम्मीदवारों को मिला टिकट, गठबंधन के लिए 15 सीटें छोड़ीं

नई दिल्ली । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने आगामी असम विधान सभा चुनाव 2026 के मद्दे नजर अपनी तैयारियों को और तेज करते हुए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। शनिवार को जारी इस सूची में पार्टी ने 23 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इससे पहले कांग्रेस तीन मार्च को 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी थी। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 15 सीटें गठबंधन सहयोगी दलों के लिए छोड़ी गई हैं जिन पर उनके उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे। दूसरी सूची में कई अहम विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। कांग्रेस ने गोलकगंज सीट से कार्तिक चंद्र रे को उम्मीदवार बनाया है जबकि बिलासीपारा से अमृत बादशा को टिकट दिया गया है। बिरसिंग जरूआ सीट से वाजेद अली चौधरी को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा मनकाचर से मोहिबुर रहमान गोलपाड़ा पूर्व से अबुल कलाम रशीद आलम और दुधनई एसटी सीट से किशोर कुमार ब्रह्मा को पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसी तरह सृजनग्राम सीट से नुरुल इस्लाम मंडिया से अब्दुल खलीक और चमरिया से रकीबुद्दीन अहमद को टिकट दिया गया है। वहीं रंगिया सीट से प्रंजीत चौधरी डिमोरिया एससी से किशोर कुमार बरुआ न्यू गुवाहाटी से शांतनु बोरा और मंगलदै से रिजुमोनी तालुकदार को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। इन नामों के जरिए पार्टी ने कई क्षेत्रों में स्थानीय नेतृत्व को आगे बढ़ाने की कोशिश की है ताकि विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। उम्मीदवारों की घोषणा से पहले पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित की गई थी। यह बैठक लगभग चार घंटे तक चली जिसमें चुनावी रणनीति सीटों के समीकरण और संभावित सब्जियों के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे वरिष्ठ नेता राहुल गांधी असम कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सीटों की राजनीतिक स्थिति और उम्मीदवारों की संभावनाओं पर गहन मंथन किया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन में स्थानीय समीकरण संगठन की राय और जीत की संभावना को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी और राज्य की राजनीति में नई ऊर्जा के साथ उतरेगी। इससे पहले तीन मार्च को जारी पहली सूची में भी कई प्रमुख नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा गया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई खुद जोरहाट सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं असम विधानसभा में पार्टी के नेता देवव्रत सैकिया को नाजिरा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। राज्यसभा के पूर्व सांसद रिपुन बोरा को बरछल्ला से टिकट दिया गया है। इसके अलावा मीरा बोरठाकुर गोस्वामी को दिसपुर और इंद्रनील पेगु को माजुली विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया है। कुल मिलाकर कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों की घोषणा की प्रक्रिया तेज कर दी है और गठबंधन के साथ मिलकर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से और उम्मीदवारों की घोषणा भी की जा सकती है।

Aamir Khan का 61वां जन्मदिन: ग्रैंड पार्टी छोड़ एक्टर ने खुद को काम में किया व्यस्त

नई दिल्ली। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले Aamir Khan ने हाल ही में अपना 61वां जन्मदिन मनाया। 14 मार्च को उनके जन्मदिन के मौके पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार उनके जन्मदिन पर एक बड़ा सेलिब्रेशन होने की संभावना जताई जा रही थी, जिसमें उनके करीबी दोस्त और परिवार के लोग शामिल हो सकते थे। लेकिन आमिर खान ने इस ग्रैंड जश्न से दूरी बनाते हुए अपने काम को प्राथमिकता दी और पूरे दिन फिल्मों से जुड़े काम में व्यस्त रहे। फिल्म ‘एक दिन’ के पोस्ट-प्रोडक्शन में जुटेबताया जा रहा है कि इन दिनों आमिर खान अपने प्रोडक्शन की फिल्म ‘एक दिन’ के काम में पूरी तरह जुटे हुए हैं। इस फिल्म में उनके बेटे Junaid Khan और दक्षिण भारतीय अभिनेत्री Sai Pallavi मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म को आमिर खान और उनके कजिन निर्देशक Mansoor Khan मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों की तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म रिलीज के करीब है और आमिर इसके हर पहलू पर बारीकी से ध्यान दे रहे हैं। यही वजह रही कि उन्होंने अपने जन्मदिन के जश्न को पीछे छोड़ते हुए फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन कार्य को प्राथमिकता दी। दिलचस्प है फिल्म की कहानीफिल्म ‘एक दिन’ की कहानी एक खास इच्छा के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर के अनुसार फिल्म में जुनैद खान का किरदार एक इच्छा मांगता है कि सिर्फ एक दिन के लिए मीरा उसकी हो जाए, और किसी तरह यह इच्छा पूरी हो जाती है। फिल्म की कहानी में भावनात्मक और रोमांटिक तत्वों का मिश्रण देखने को मिलेगा। इसके अलावा फिल्म में जापान की खूबसूरत लोकेशनों को भी दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म एक लोकप्रिय कोरियन फिल्म का हिंदी रीमेक हो सकती है, हालांकि इसके बारे में आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। मंसूर खान के साथ पुराना रिश्ताआमिर खान और Mansoor Khan का फिल्मी रिश्ता काफी पुराना रहा है। दोनों ने मिलकर बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दी हैं। इनमें Qayamat Se Qayamat Tak, Jo Jeeta Wohi Sikandar, Akele Hum Akele Tum और Jaane Tu… Ya Jaane Na जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं। अब एक बार फिर दोनों की जोड़ी फिल्म ‘एक दिन’ के जरिए साथ काम कर रही है, जिसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। ‘लाहौर 1947’ से भी जुड़ा है आमिर का नामइसके अलावा आमिर खान एक और बड़ी फिल्म के साथ जुड़े हुए हैं, जिसे फिलहाल ‘लाहौर 1947’ के नाम से जाना जा रहा है। इस फिल्म में Sunny Deol और Preity Zinta मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह बना हुआ है और इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। काम को हमेशा प्राथमिकता देते हैं आमिरआमिर खान लंबे समय से अपनी मेहनत और परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं। वह अपने हर प्रोजेक्ट में पूरी लगन के साथ काम करते हैं और फिल्म के हर पहलू पर बारीकी से नजर रखते हैं। यही वजह है कि इस बार भी उन्होंने अपने 61वें जन्मदिन के जश्न से ज्यादा अपने काम को महत्व दिया, जो उनके प्रोफेशनलिज्म और फिल्म के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

तुम खुद ही स्ट्रगल कर रहे हो जब बॉडीगार्ड ने ठुकरा दिया था मीका सिंह को, आज वही है उनकी सिक्योरिटी टीम का अहम हिस्सा

नई दिल्ली । बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मीका सिंह की सफलता की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। आज उनके गाने हर पार्टी और बड़े इवेंट की शान बनते हैं और उनकी सुरक्षा के लिए कई बॉडीगार्ड तैनात रहते हैं। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि एक समय ऐसा भी था जब एक बॉडीगार्ड ने उन्हें यह कहकर काम देने से इनकार कर दिया था कि तुम तो खुद ही स्ट्रगल कर रहे हो। आज वही शख्स उनकी सिक्योरिटी टीम का अहम हिस्सा बन चुका है। दरअसल हाल ही में फराह खान के साथ बातचीत के दौरान मीका सिंह ने यह दिलचस्प किस्सा साझा किया। मीका ने फराह खान को अपने दिल्ली स्थित फार्महाउस पर बुलाया था जहां उन्होंने अपने बॉडीगार्ड करतार से उनकी मुलाकात करवाई। इसी दौरान मीका ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि लगभग 30 साल पहले उन्होंने करतार से पहली बार मुलाकात की थी। उनकी मजबूत कद-काठी देखकर मीका ने उनसे पूछा था कि क्या वह उनके बॉडीगार्ड बनेंगे। इस पर करतार ने सीधा जवाब दिया था पहले खुद तो काम शुरू कर लो तुम तो खुद स्ट्रगल कर रहे हो। मीका सिंह ने इस पूरे वाकये को बड़े मजाकिया अंदाज में सुनाया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि लोग अक्सर लड़कियों को इंप्रेस करने के लिए मेहनत करते हैं लेकिन उन्होंने तो सफलता इसलिए हासिल की ताकि एक दिन करतार को अपना बॉडीगार्ड बना सकें। वहीं करतार ने भी इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने उस समय सचमुच मीका को यह कहकर मना कर दिया था। इस बातचीत के दौरान मीका सिंह ने अपनी सफलता के पीछे के आध्यात्मिक जुड़ाव पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनके पिता गुरुद्वारों में कीर्तन किया करते थे जिससे बचपन से ही उन्हें और उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी को संगीत का माहौल मिला। मीका ने कहा कि पंजाब के कई गायकों की तरह उन्होंने भी गुरुद्वारों से ही संगीत की शुरुआती शिक्षा ली। उस समय वह कीर्तन के दौरान तबला बजाया करते थे। मीका सिंह ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने जीवन का एक खास सपना पूरा किया है। उनके दिल्ली स्थित फार्महाउस में एक गुरुद्वारा बना हुआ है जहां 24 घंटे पाठ चलता रहता है। जब फराह खान ने उनकी बैड बॉय इमेज को लेकर सवाल किया तो मीका ने साफ कहा कि वह शुरू से ही काफी धार्मिक स्वभाव के रहे हैं। अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद करते हुए मीका ने बताया कि वह कभी अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी के महाराजा बैंड में गिटार बजाते थे और बैकस्टेज का काम संभालते थे। बाद में जब उन्होंने अपना पहला सोलो एल्बम सावन में लग गई आग बनाने का फैसला किया और बैंड से अलग हुए तो दलेर मेहंदी इस फैसले से भावुक हो गए थे। एक शो में दलेर मेहंदी ने खुद बताया था कि मीका के अलग होने के बाद वह चार दिनों तक रोते रहे थे। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने अपने छोटे भाई का पूरा साथ दिया और उनका पहला स्टूडियो सेट करने में भी मदद की। यही संघर्ष पारिवारिक समर्थन और आध्यात्मिक जुड़ाव आज मीका सिंह की सफलता की असली कहानी बन चुका है।

चैत्र नवरात्र के पहले दिन अयोध्या आएंगी राष्ट्रपति, आम श्रद्धालु कर सकेंगे रामलला के दर्शन

नई दिल्ली। वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर 19 मार्च से अयोध्या में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हो रहा है। इस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राम मंदिर में श्रीराम यंत्र स्थापना के लिए अयोध्या आएंगी। वहीं, इसी तिथि से चैत्र रामनवमी मेला और वासंतिक नवरात्र का भी शुभारंभ होगा। प्रतिपदा का दिन हिंदी नववर्ष का पहला दिन भी है, जिससे रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में तय किया गया कि नवरात्र के प्रथम दिन वीआईपी पास धारकों के लिए दर्शन बंद रहेंगे। आम श्रद्धालु सामान्य दर्शन मार्ग से श्रीराम लला के दर्शन कर सकेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपतराय ने बताया कि सुबह 6 बजे से शाम तक अनवरत दर्शन जारी रहेगा। समारोह और आमंत्रित अतिथिरंगमहल बैरियर यानी क्रॉसिंग वन से सिर्फ आमंत्रित अतिथियों को श्रीराम यंत्र स्थापना समारोह में प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर आंदोलन के सहयात्रियों को इस अवसर पर आमंत्रित नहीं किया गया है। केवल राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान में शामिल उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कार्यकर्ता (करीब 3,500) और विश्व हिन्दू परिषद के अखिल भारतीय टोली के 45 पदाधिकारी तथा 300 संतों को शामिल किया गया है। इसके अलावा मंदिर निर्माण में लगी विभिन्न एजेंसियों के कर्मयोगियों के पारिवारिक सदस्य समेत लगभग 1,800 लोगों को भी व्यक्तिगत आमंत्रण भेजा गया है। चंपतराय ने बताया कि आमंत्रण हस्तांतरणीय नहीं है और अतिथियों के साथ सुरक्षा कर्मियों या अंगरक्षकों का प्रवेश नहीं होगा। समारोह स्थल पर किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र या हथियार ले जाने की अनुमति नहीं है। सिख परंपरा के आमंत्रित श्रद्धालुओं को कानूनी वैध हथियार और पांच पहचान चिन्हों सहित कटार ले जाने की अनुमति दी गई है। मोबाइल उपकरणों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। सभी अतिथि 18 मार्च तक अयोध्या पहुँच जाएंगे। ठहरने और भोजन की व्यवस्थाश्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपतराय ने बताया कि अतिथियों के ठहरने और भोजन-जलपान की पूरी व्यवस्था ट्रस्ट द्वारा की गई है। गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में लगभग 3,000 कमरे बुक किए गए हैं। अलग-अलग जोनों के अनुसार भोजनालय तय किए गए हैं और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए विशेष टोलियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम ने भी सभी अतिथि ठहराव स्थलों पर विशेष सजावट और तैयारियां कर दी हैं, जिसकी झलक भक्तों को 18 मार्च से दिखाई देने लगेगी।

कृतिका नक्षत्र में शुक्र के गोचर से इन 5 राशि वालों की खुलेगी किस्मत, बढ़ेगी संपत्ति और समृद्धि

नई दिल्ली। वैदिक ज्योतिष में शुक्र देव को सुख, ऐश्वर्य, सौंदर्य और भौतिक सुखों का कारक माना जाता है। जब भी शुक्र नक्षत्र बदलते हैं, तो इसका असर हमारे जीवन की विलासिता और आर्थिक स्थिति पर देखा जाता है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को शुक्र कृतिका नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 27 अप्रैल 2026 तक इसी नक्षत्र में रहेंगे। इस दौरान कई राशि वालों के लिए भाग्य के द्वार खुलने की संभावना है। शुक्र के इस गोचर से सबसे अधिक लाभ इन 5 राशि वालों को मिलने वाला है:- मेष राशि (Aries)मेष राशि वालों के लिए यह समय आर्थिक मजबूती लेकर आएगा। निवेश से लाभ के मजबूत संकेत हैं। लंबे समय से विचाराधीन वाहन या संपत्ति खरीदने की योजना सफल हो सकती है। कार्यक्षेत्र में रचनात्मकता की सराहना होगी और वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। वृषभ राशि (Taurus) शुक्र के कृतिका नक्षत्र में प्रवेश से वृषभ राशि के जातकों के व्यक्तित्व में निखार आएगा। सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी और सुखद यात्राओं के योग बनेंगे। सिंगल लोगों के जीवन में नए प्रेम संबंध बनने की संभावना है। दांपत्य जीवन में मधुरता का अनुभव होगा। सिंह राशि (Leo)सिंह राशि वालों के लिए यह गोचर मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि लाएगा। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी और लंबित सरकारी कार्य पूरे होंगे। आमदनी के नए स्रोत विकसित होने से बैंक बैलेंस में सुधार होगा। पैतृक संपत्ति से लाभ मिलने की संभावना भी है। तुला राशि (Libra)तुला राशि वालों के लिए यह समय करियर में बड़ी प्रगति का अवसर लाएगा। विदेश से जुड़े व्यापार में महत्वपूर्ण डील फाइनल होने की संभावना है। सुख-सुविधाओं और शौक पर खर्च बढ़ सकता है, लेकिन आमदनी भी अच्छी रहेगी। मानसिक शांति का अनुभव भी मिलेगा। धनु राशि (Sagittarius)धनु राशि वालों के लिए यह समय भाग्य के अनुकूल रहेगा। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति और वेतन वृद्धि के संकेत हैं। परिवार के साथ मांगलिक अवसरों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सफलता के योग बन रहे हैं। (Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते है।)

भारत आ रहे एलपीजी टैंकरों की सुरक्षा को लेकर भारत सतर्क, फारस की खाड़ी के पास नौसेना के युद्धपोत तैनात

तेहरान। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने अपने व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए कदम तेज कर दिए हैं। भारतीय नौसेना ने फारस की खाड़ी के आसपास अपने कई युद्धपोत तैनात कर दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर भारत की ओर आने वाले व्यापारिक जहाजों को सहायता और सुरक्षा दी जा सके। सूत्रों के मुताबिक इन युद्धपोतों की तैनाती का उद्देश्य भारतीय व्यापारिक जहाजों और उनके चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, क्योंकि क्षेत्र में हालात लगातार संवेदनशील बने हुए हैं। दो भारतीय एलपीजी जहाजों को मिली अनुमतिइस बीच शनिवार को ईरान ने भारत की ओर जा रहे दो भारतीय झंडे वाले एलपीजी जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी। इनमें एक जहाज शिवालिक है, जो जहाज ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार फिलहाल ओमान के पास देखा गया है और इसके 21 मार्च तक अपने गंतव्य तक पहुंचने की संभावना है। भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर नजरबंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने शुक्रवार को फारस की खाड़ी की समुद्री स्थिति और भारतीय जहाजों व नाविकों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक फारस की खाड़ी में 24 भारतीय ध्वज वाले जहाजों पर 668 भारतीय नाविक तैनात हैं, जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में तीन जहाजों पर 76 भारतीय नाविक मौजूद हैं। 24 घंटे निगरानी कर रही सरकारमंत्रालय ने बताया कि डीजी शिपिंग जहाज मालिकों, आरपीएसएल एजेंसियों और भारतीय मिशनों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। सभी जहाजों और चालक दल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। 24 घंटे के नियंत्रण कक्ष के सक्रिय होने के बाद से अब तक 2,425 से अधिक कॉल और 4,441 ईमेल प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही 223 से ज्यादा फंसे भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी भी सुनिश्चित की गई है। ईरान ने सुरक्षित रास्ता देने का भरोसा दियाभारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद ईरान भारत की ओर जाने वाले जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराएगा। उन्होंने भारत और ईरान को पुराने मित्र बताते हुए कहा कि दोनों देशों के हित और भविष्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य विवाद पर ईरान का बयानवहीं भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि ईरान कभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करना नहीं चाहता था। उन्होंने मौजूदा हालात के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वैश्विक नेताओं को युद्ध रोकने के लिए उन पर दबाव बनाना चाहिए, क्योंकि बढ़ती तेल कीमतों का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है।

एमपी में मौसम लेगा करवट, 18 मार्च तक कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत

भोपाल। मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार को उत्तर और दक्षिणी क्षेत्र के 8 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट शामिल हैं। विभाग के अनुसार 18 मार्च तक प्रदेश में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में इस साल मार्च में पहली बार मावठा गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ सिस्टम की वजह से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 17 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रहेगा। इन जिलों में बारिश की संभावना16 मार्च: बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर।17 मार्च: सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर।18 मार्च: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा। गर्मी से मिल सकती है राहतशनिवार को प्रदेश में तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा। भोपाल और इंदौर सहित कई जिलों में सुबह से ही कड़ी धूप रही। नर्मदापुरम में पिछले दो दिनों से तीव्र लू का असर दर्ज किया गया, जहां दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ी है। पिछले तीन दिनों से कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग में गर्मी का प्रभाव ज्यादा देखा जा रहा है। नर्मदापुरम सबसे गर्मनर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। शनिवार को यहां लगातार तीसरे दिन तेज गर्म हवाएं चलीं और अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक है। वहीं, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन की तुलना में जबलपुर ज्यादा गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों का तापमानमौसम विभाग के अनुसार नर्मदापुरम के बाद खरगोन दूसरा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मंडला, रतलाम, दमोह, खंडवा, खजुराहो, रायसेन, शाजापुर, गुना, नरसिंहपुर, सतना, सिवनी, बैतूल, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, उमरिया, सागर और धार में भी तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में भोपाल का तापमान 37.2 डिग्री, इंदौर 36.6 डिग्री, ग्वालियर 34.1 डिग्री, उज्जैन 36.5 डिग्री और जबलपुर 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तेज धूप में स्किन जल रही है? बाहर निकलने से पहले अपनाएं ये 4 असरदार टिप्स

नई दिल्ली । जैसे ही मार्च का महीना आता है उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर दिखना शुरू हो जाता है। पारा बढ़ने के साथ ही तेज धूप उमस और पसीना लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। इस मौसम में सबसे अधिक प्रभावित हमारी त्वचा होती है। सूरज की हानिकारक किरणें त्वचा को टैन करती हैं सनबर्न और समय से पहले झुर्रियों का कारण भी बनती हैं।अगर आपको गर्मी में बाहर निकलना पड़ता है तो अपनी त्वचा का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार कुछ आसान और असरदार उपाय अपनाकर आप त्वचा को तेज धूप से बचा सकते हैं।सनस्क्रीन धूप से सबसे मजबूत सुरक्षा धूप में निकलने से कम से कम 20 मिनट पहले चेहरे गर्दन हाथ और पैरों पर SPF 30+ वाला सनस्क्रीन जरूर लगाएं। याद रखें कि एक बार सनस्क्रीन लगाने से काम नहीं चलता। अगर आप लंबे समय तक बाहर हैं तो हर 3-4 घंटे में इसे दोबारा लगाना जरूरी है। सनस्क्रीन त्वचा को सीधे यूवी किरणों से बचाता है और टैनिंग को रोकता है। हाइड्रेशन अंदर से रखे त्वचा को नमी से भरपूर त्वचा की चमक सिर्फ क्रीम या लोशन पर निर्भर नहीं करती बल्कि शरीर के अंदर मौजूद नमी भी महत्वपूर्ण होती है। गर्मियों में पसीने के जरिए शरीर का पानी बाहर निकल जाता है। इसे पूरा करने के लिए दिन भर में कम से कम 3-4 लीटर पानी पीना चाहिए। इसके अलावा तरबूज खरबूजा खीरा और संतरे जैसे पानी से भरपूर मौसमी फलों को आहार में शामिल करें। इससे त्वचा प्राकृतिक रूप से हाइड्रेटेड और कोमल बनी रहती है। पहनावा और समय का ध्यान तेज धूप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सबसे अधिक हानिकारक होती है। इस दौरान अगर संभव हो तो घर के अंदर रहें। यदि बाहर निकलना जरूरी है तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। सूती कपड़े पसीने को सोखते हैं और त्वचा को सांस लेने में मदद करते हैं। साथ ही स्कार्फ चौड़े किनारे वाली टोपी धूप का चश्मा और छाता का उपयोग करना न भूलें। सनबर्न और टैनिंग के घरेलू उपाय अगर धूप के कारण त्वचा झुलस गई या टैनिंग हो गई है तो घबराने की जरूरत नहीं है। किचन में मौजूद कुछ प्राकृतिक चीजें राहत देती हैं। प्रभावित हिस्से पर ठंडा एलोवेरा जेल लगाएं। इसके अलावा दही खीरे का रस या टमाटर का रस लगाने से भी टैनिंग कम होती है और त्वचा को ठंडक मिलती है। गर्मियों में त्वचा का ख्याल रखना न सिर्फ आपकी सुंदरता बढ़ाता है बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी जरूरी है। इन आसान टिप्स को अपनाकर आप धूप के नुकसान से अपनी त्वचा को बचा सकते हैं और प्राकृतिक रूप से कोमल और चमकदार बनाए रख सकते हैं।