fireworks market in Bhind: भिंड। दीपावली से पहले शहर का आतिशबाजी बाजार सजने लगा है, लेकिन इस बार प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मेला ग्राउंड में लगने वाले पटाखा बाजार के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की गई हैं। दुकानों के बीच कम से कम आठ फीट का फासला, हर स्टॉल पर रेत की बोरी, पानी की बाल्टी और फायर एक्सटिंग्विशर रखना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा लाइसेंस की प्रति दुकान के बाहर लगाना और सुरक्षित बिजली कनेक्शन सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा।
तुरंत निरस्त होगा लाइसेंस (fireworks market in Bhind)
एसडीएम अखिलेश शर्मा ने मेला ग्राउंड का औचक निरीक्षण कर दुकानदारों को साफ चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी केवल समझाइश दी जा रही है, लेकिन अगले निरीक्षण में नियमों का उल्लंघन करने वाले की दुकान तुरंत बंद कर दी जाएगी । लाइसेंस रद्द होगा।
धूम्रपान पर रोक (fireworks market in Bhind)
एसडीएम शर्मा ने दुकानदारों से कहा कि आतिशबाजी बेचने का कार्य अत्यंत संवेदनशील है। इसलिए दुकानें एक-दूसरी से पर्याप्त दूरी पर लगें। आसपास धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित हो।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुकान में आग बुझाने की मूलभूत व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए, ताकि किसी भी आकस्मिक आग पर तुरंत काबू पाया जा सके।
रात में विशेष निगरानी (fireworks market in Bhind)
प्रशासन ने रात के समय बाजार में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत दल को हर समय अलर्ट रहने को कहा गया है। एसडीएम ने कहा कि “भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में ज़रा सी चिंगारी भी हादसे में बदल सकती है, इसलिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।”
निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस और नगरपालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बार दीपावली का उत्सव सुरक्षित और नियमबद्ध माहौल में ही मनाया जाएगा।
READ MORE : दिल्ली-NCR में ग्रीन पटाखों को मंजूरी, सुप्रीम कोर्ट ने इतने दिन के लिए दी इजाजत…