HIGHLIGHTS:
- पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर
- बैटरी, एलईडी बल्ब और वायरिंग सहित लाखों का सामान चोरी
- सुबह दुकान खुलने पर हुआ खुलासा
- पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाला
- बढ़ती वारदातों से व्यापारियों में नाराजगी

BHIND THEFT NEWS: ग्वालियर। भिंड जिले के गोहद चौराहे पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरों ने पीछे की दीवार तोड़कर सेंधमारी की और लाखों रुपए का सामान पार कर दिया। बता दें कि घटना का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब दुकानदार रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे।
MORENA NEWS: कागजों में बनी सड़क, ज़मीन पर गायब: 7.25 लाख की निकासी पर ग्रामीणों का हंगामा
पीछे से बनाई सेंध
जानकारी के मुताबिक, गोहद चौराहे पर विकास तोमर की इलेक्ट्रॉनिक दुकान है। सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखी बैटरियां, एलईडी बल्ब, वायरिंग और अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान समेटकर फरार हो गए। चोरी की अनुमानित कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
सुबह खुली वारदात की पोल
मंगलवार सुबह दुकान खोलते समय दीवार टूटी देख व्यापारी के होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई महंगे उपकरण गायब थे। तुरंत मामले की सूचना गोहद चौराहा थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
व्यापारियों में बढ़ा आक्रोश
लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि रात्रि गश्त प्रभावी नहीं होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सख्त और नियमित गश्त की मांग की है।