बताया जा रहा है कि चौथे दिन तक ही कॉकरोच जनता पार्टी ने फॉलोअर्स के मामले में देश की कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों को पीछे छोड़ दिया था। जहां भारतीय जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर करीब 85 लाख फॉलोअर्स हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी के लगभग 1.3 करोड़ फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
हर घंटे लाखों फॉलोअर्स बढ़ रहे
कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट की ग्रोथ बेहद तेज रही है। जानकारी के मुताबिक, हर घंटे करीब 5 लाख नए फॉलोअर्स इस अकाउंट से जुड़ रहे हैं। चौथे दिन दोपहर तक अकाउंट ने 1 करोड़ फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया था, जबकि पांचवें दिन सुबह तक यह संख्या बढ़कर 1.87 करोड़ पहुंच गई।
मीम और व्यंग्य से मिली लोकप्रियता
शुरुआत में यह अकाउंट एक व्यंग्य और मीम प्लेटफॉर्म के तौर पर सामने आया था। हालांकि, कम समय में ही इसका कंटेंट सोशल मीडिया यूजर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय हो गया। अब अकाउंट पर पोस्ट होने वाले वीडियो कुछ ही घंटों में लाखों व्यूज हासिल कर रहे हैं। साथ ही, रिपोस्ट किए गए वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
एक्सपर्ट ने बताई वायरल होने की वजह
सोशल मीडिया विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी भी अकाउंट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के पीछे सही टाइमिंग, एल्गोरिद्म और लोगों से जुड़ने वाला कंटेंट अहम भूमिका निभाता है। उनका कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी का कंटेंट बड़ी संख्या में यूजर्स को आकर्षित कर रहा है।
फॉलोअर्स को लेकर उठे सवाल
अकाउंट की असाधारण ग्रोथ को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई है। कई यूजर्स फॉलोअर्स की वास्तविकता और प्रमोटेड ग्रोथ को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, इस पर अभी तक अकाउंट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।