Chambalkichugli.com

Smart TV लगाते समय भूलकर भी न करें ये गलती, धूप की वजह से खराब हो सकता है महंगा टीवी



नई दिल्ली। अगर आप नया Smart TV खरीदकर घर में इंस्टॉल करने जा रहे हैं, तो उसकी सही जगह चुनना बेहद जरूरी है। कई लोग टीवी को ऐसी जगह लगा देते हैं जहां उस पर सीधे धूप पड़ती रहती है, लेकिन यही लापरवाही बाद में भारी नुकसान का कारण बन सकती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक डायरेक्ट सनलाइट Smart TV के डिस्प्ले पैनल और इंटरनल पार्ट्स दोनों को नुकसान पहुंचा सकती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार सबसे ज्यादा खतरा OLED पैनल वाले टीवी को होता है। दक्षिण कोरिया के रिसर्चर्स की एक स्टडी में पाया गया कि लंबे समय तक UV रेडिएशन यानी तेज धूप के संपर्क में रहने से OLED पैनल का कैथोड और इलेक्ट्रॉन इंजेक्शन एरिया डैमेज होने लगता है। यही हिस्सा स्क्रीन पर ब्राइट और स्टेबल इमेज दिखाने में सबसे अहम भूमिका निभाता है।

स्टडी में यह भी सामने आया कि ज्यादा धूप पड़ने से सिल्वर और मैग्नीशियम जैसे मटेरियल अपनी जगह से खिसकने लगते हैं। इससे स्क्रीन की ब्राइटनेस कम हो सकती है और पैनल जल्दी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।

हालांकि LCD टीवी को OLED के मुकाबले कम नुकसान होता है, लेकिन वे भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं माने जाते। टीवी निर्माता कंपनियों का कहना है कि लगातार धूप पड़ने से स्क्रीन पर ग्लेयर बढ़ जाता है, जिससे टीवी देखना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा ज्यादा गर्मी LCD पैनल के लिक्विड क्रिस्टल को भी नुकसान पहुंचा सकती है।

धूप का असर सिर्फ डिस्प्ले तक सीमित नहीं रहता। लगातार गर्मी मिलने से टीवी की बॉडी, इंटरनल सर्किट, स्टैंड और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स भी गर्म होने लगते हैं। इससे टीवी की परफॉर्मेंस प्रभावित हो सकती है और लंबे समय में डिवाइस जल्दी खराब हो सकता है।

LG और Sony जैसी कंपनियां भी सलाह देती हैं कि टीवी को हमेशा ऐसी जगह इंस्टॉल करें जहां सीधी धूप न पहुंचे और आसपास का तापमान सामान्य बना रहे। ज्यादा गर्म माहौल में OLED टीवी की ब्राइटनेस घट सकती है और बिजली की खपत भी बढ़ सकती है।

ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपका महंगा Smart TV लंबे समय तक सही तरीके से काम करे, तो उसे खिड़की, बालकनी या तेज धूप वाली जगह से दूर लगाना बेहतर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *