GUNA ACCIDENT: गुना। जिले के विजयपुर इलाके में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बहन के जन्मदिन की तैयारी के लिए समोसे लेने निकला युवक घर लौटते समय अज्ञात वाहन की टक्कर का शिकार हो गया। बता दें कि इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पिता ने समोसे लेने भेजा था
मिली जानकारी के अनुसार संतोष अहिरवार विजयपुर रेलवे स्टेशन पर कार्यरत हैं और NFL परिसर में परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार को उनकी बेटी का जन्मदिन था। इसी खुशी के मौके पर उन्होंने अपने बेटे तनिष्क परिहार को समोसे लेने के लिए बाजार भेजा था।
घर लौटते समय हुआ हादसा
तनिष्क शुक्रवार शाम करीब 7 बजे स्कूटी लेकर घर से निकला था। समोसे लेकर वह वापस लौट रहा था। वापस आते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह टूट गई।
सिर में गंभीर चोट, इलाज के दौरान मौत
हादसे में तनिष्क के सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बह गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पहले NFL अस्पताल ले जाया गया। जिसके बात डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बाहर रेफर कर दिया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा
डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव से युवक की मौत हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।