HIGHLIGHTS:
- आरोन क्षेत्र की नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
- गुना ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
- पति पर मारपीट और जहर खिलाने का आरोप
- ससुराल पक्ष अस्पताल में छोड़कर भागने का आरोप
- पुलिस जांच जारी

GUNA CRIMES: ग्वालियर। गुना में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मायके पक्ष ने पति पर मारपीट कर जबरन जहर खिलाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार 35 साल की गुलाब बाई बोर्डीसर अमरपुरा में रहती थी और उनकी शादी तीन साल पहले मोहन बंजारा से हुई थी। दंपत्ति की दो साल की एक बेटी भी है। बताया जा रहा है कि, गुरुवार शाम गुलाब बाई ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
अस्पताल में छोड़कर भागे ससुराल वाले
स्थिति गंभीर होने पर ससुराल पक्ष उसे आरोन अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
लेकिन, आरोप है कि ससुराल वाले उसे जिला अस्पताल लाने के बजाय अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गए।
भोपाल में पहली बार फेमिना मिस इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले, सिवनी की धनुश्री चौहान बनीं विजेता
इसके बाद मायके पक्ष के लोग आरोन पहुंचे और उसे जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए। इसी दौरान, गुना पहुंचने से पहले ही उसकी रास्ते में मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पति पर मारपीट और जहर खिलाने का आरोप
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था। कई बार, पंचायत में समझौता भी हुआ, लेकिन पति के व्यवहार में सुधार नहीं आया। परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन भी पति शराब के नशे में आया और मारपीट के बाद उसे जबरन जहर खिला दिया। सूत्रों की माने तो शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलाहल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।