HIGHLIGHTS:
- मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज न होने से युवक नाराज
- कोतवाली पुलिस पर टालमटोल का आरोप
- जयस्तंभ चौराहे के गैंट्री पोल पर चढ़ा युवक
- करीब एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
- समझाइश के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा

GUNA VIRAL VIDEO: गुना। शहर के जयस्तंभ चौराहे पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज न होने से नाराज एक युवक विज्ञापन बोर्ड के गैंट्री पोल पर चढ़ गया। बता दें कि करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
शिकायत दर्ज न होने से आक्रोश
श्रीराम कॉलोनी निवासी विश्ववीर सहरिया का मोबाइल सदर बाजार क्षेत्र से चोरी हो गया था। युवक का आरोप है कि जब वह कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा तो पुलिस ने उसे पहले मोबाइल का डिब्बा लाने को कहा।
GUNA CRIMES: जहरीला पदार्थ खाने से नवविवाहिता की मौत, मायकेवालों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित युवक का कहना है कि डिब्बा दिखाने के बाद भी पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उसे अगले दिन सुबह आने की बात कहकर लौटा दिया। इसी कथित टालमटोल से आहत होकर उसने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।
जयस्तंभ चौराहे पर चढ़ा गैंट्री पोल
नाराज युवक सीधे जयस्तंभ चौराहे पहुंचा और वहां लगे विज्ञापन बोर्ड के गैंट्री पोल पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। करीब एक घंटे तक समझाइश और बातचीत का दौर चलता रहा। इस दौरान यातायात व्यवस्था भी बाधित रही।
समझाइश के बाद सुरक्षित उतारा गया
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय पर शिकायत दर्ज कर ली जाती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।