GWALIOR CRIMES : ग्वालियर। शहर के माधौगंज थाना क्षेत्र में 3 जनवरी को दोपहर एक फोटोग्राफर का शव नाले में मिलने से हड़कंप मच गया। शव गुढ़ा स्थित देसी शराब दुकान से कुछ ही कदम की दूरी पर मिला था। जिसके बाद सूचना मिलते ही माधौगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त की गई।
दोपहर में मिली मौत की खबर
मृतक की पहचान 44 वर्षीय नरेश सिंह सिकरवार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुरैना जिले के जौरा भटपुरा का रहने वाला था और वर्तमान में पत्नी व बच्चों के साथ ग्वालियर में रह रहा था। परिजनों के अनुसार नरेश शनिवार 3 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जिसके बाद दोपहर करीब 2 बजे नाले में शव मिलने की सूचना मिली।

शराब के नशे में गिरने की आशंका
पुलिस और परिजनों का कहना है कि नरेश शराब पीने का आदी था। मामले को लेकर आशंका जताई जा रही है कि वह शराब की दुकान से शराब लेकर नाले की पुलिया पर बैठकर पी रहा था। इसी दौरान नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका। ठंड और पानी के कारण उसकी मौत होने की संभावना है।
पुलिस कर मामले की जांच
मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूत्रों की माने तो पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।