लीक्स के मुताबिक iPhone 20 में लगभग पूरी तरह बेजल-लेस डिस्प्ले देखने को मिल सकती है। यानी स्क्रीन चारों किनारों तक फैली होगी और फोन का फ्रंट हिस्सा पूरी तरह डिस्प्ले जैसा नजर आ सकता है। इतना ही नहीं, कंपनी Face ID सेंसर और फ्रंट कैमरे को भी डिस्प्ले के नीचे छिपा सकती है। अगर ऐसा होता है तो मौजूदा Dynamic Island डिजाइन पूरी तरह खत्म हो सकता है।
सामने आए रेंडर्स में फोन को क्वाड-कर्व्ड डिस्प्ले डिजाइन के साथ दिखाया गया है। इसका मतलब है कि स्क्रीन सिर्फ किनारों पर ही नहीं बल्कि चारों तरफ हल्के कर्व के साथ दिखाई दे सकती है, जिससे फोन का लुक काफी प्रीमियम और फ्यूचरिस्टिक नजर आएगा।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि Apple फिजिकल बटन हटाने की दिशा में भी काम कर सकता है। यानी आने वाले समय में iPhone पूरी तरह टच और जेस्चर बेस्ड कंट्रोल सिस्टम पर शिफ्ट हो सकता है।
Apple की नंबरिंग स्ट्रेटेजी को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जिस तरह कंपनी ने iPhone 9 को स्किप कर सीधे iPhone X लॉन्च किया था, उसी तरह माना जा रहा है कि 20वीं एनिवर्सरी को खास बनाने के लिए कंपनी भविष्य में सीधे iPhone 20 नाम इस्तेमाल कर सकती है। हालांकि अभी तक Apple की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल ये सभी जानकारियां लीक्स और रेंडर्स पर आधारित हैं, लेकिन अगर इनमें से आधे फीचर्स भी सही साबित होते हैं तो iPhone 20 Apple के इतिहास का सबसे बड़ा डिजाइन अपग्रेड साबित हो सकता है।