HIGHLIGHTS:
-
ग्वालियर के मानपुर इलाके में PM आवास फ्लैट्स की टंकी में 5 मरी छिपकलियां मिलीं
-
टंकी से करीब 1300 फ्लैट्स में पानी की सप्लाई होती है
-
रहवासियों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया
-
लोग अब टंकी का पानी पीने से बच रहे हैं, RO पानी मंगवा रहे
-
नगर निगम ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्थायी समाधान का भरोसा दिया

LIZZARDS IN WATER TANK: मध्यप्रदेश। ग्वालियर के मानपुर इलाके में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बने फ्लैट्स में पीने के पानी की टंकी से पांच मरी हुई छिपकलियां मिलने का मामला सामने आया है। यह टंकी करीब 1300 फ्लैट्स में पानी सप्लाई करती है। घटना सामने आने के बाद रहवासियों में नाराजगी फैल गई है और उन्होंने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ब्लॉक E-52, फेज-1 की टंकी में ये छिपकलियां मिलीं। रहवासियों ने खुद टंकी से मरी हुई छिपकलियां निकालीं, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसके बाद कई लोग अब टंकी का पानी पीने से बच रहे हैं और बाहर से RO का पानी मंगवा रहे हैं।
टंकी की सफाई न होने का आरोप
फ्लैट में रहने वाले लोगों का कहना है कि वे पिछले करीब दो साल से यहां रह रहे हैं, लेकिन पानी की टंकी की नियमित सफाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
रहवासियों का कहना है कि हाल ही में वे नगर निगम अधिकारियों से भी मिले थे और समस्या बताई थी। अधिकारियों ने समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
सफाई और सुरक्षा पर भी सवाल
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि आवास परिसर में सफाई और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद खराब है। उनका कहना है कि यहां तैनात ठेकेदार शिकायतों को नजरअंदाज करता है। परिसर में पांच गार्ड होने चाहिए, लेकिन फिलहाल केवल दो ही गार्ड तैनात हैं, जिससे चोरी और अन्य घटनाओं का खतरा बना रहता है।
MP: मोहन यादव मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं नए चेहरे…. कैबिनेट में बदलाव की सुगबुगाहट तेज
निगम आयुक्त ने दिया यह बयान
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिया ने कहा कि इंदौर की घटना के बाद शहर की कई टंकियों की सफाई कराई गई थी और उन्हें ढका भी गया था। उन्होंने माना कि टंकी में छिपकली गिरना दुर्भाग्यपूर्ण है। आयुक्त के अनुसार संबंधित ठेकेदार का ठेका समाप्त हो चुका है और जल्द ही रहवासियों से चर्चा कर स्थायी व्यवस्था की जाएगी।