HIGHLIGHTS:
- मुरैना के कुत्थियाना गांव में सड़क निर्माण को लेकर हिंसक झगड़ा।
- दोनों पक्षों ने लाठी, कुल्हाड़ी और बंदूक का इस्तेमाल किया।
- दो महिलाएं घायल; उमा तोमर और उमा देवी।
- पहले से चल रहा था जमीन विवाद।
- पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

MORENA NEWS: ग्वालियर। मुरैना जिले के अंबाह विकासखंड के कुत्थियाना गांव में बुधवार सुबह सड़क निर्माण के दौरान दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। बता दें कि विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने घरों से लाठी, कुल्हाड़ी और बंदूक निकाल ली। झगड़े में फायरिंग और मारपीट हुई, जिसमें दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सड़क निर्माण में विवाद
स्थानीय ग्राम पंचायत द्वारा स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य के दौरान देवेंद्र सिंह तोमर और गंगा सिंह तोमर ठेकेदार पर सड़क को अपनी-अपनी तरफ चौड़ा और मोड़ने के लिए दबाव डाल रहे थे। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
वंदे मातरम के छह छंद अनिवार्य -जिसने जलाई स्वतंत्रता की ज्वाला, अब उसे मिला औपचारिक सम्मान
हिंसा और घायल
झगड़े में देवेंद्र तोमर की पत्नी उमा तोमर (42) को सिर में लाठी लगने से चोट आई। वहीं गंगा सिंह तोमर की पत्नी उमा देवी (50) को हाथ में कुल्हाड़ी लगने से गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे को गालियां देते और ललकारते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग बंदूक से फायर करते और कुछ हाथों में लाठी लिए दिख रहे हैं।
पहले से चल रहा था विवाद
अंबाह थाना प्रभारी सतेंद्र कुशवाह ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद था। सड़क निर्माण के दौरान रास्ता मोड़ने की मांग ने तनाव और भड़का दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।