Chambalkichugli.com

MP NEWS: महिला को जंजीरों से पीटा, माथे पर चिपकाया गर्म सिक्का, जानिए पूरा मामला

MP NEWS

MP NEWS: उज्जैन । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में अंधविश्वास की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक 22 वर्षीय महिला को भूत-प्रेत का साया बताकर बुरी तरह पीटा गया। लोहे की जंजीरों से वार किया गया। वहीं जलती बाती हथेलियों पर रखी गई। माथे पर गर्म सिक्का चिपका दिया गया।

महिला के ही रिश्तेदार निकले आरोपी

यह घटना उज्जैन से 70 किलोमीटर दूर खाचरोद तहसील के गांव श्रीवच की है। पीड़ित महिला उर्मिला चौधरी, उज्जैन के जूना सोमवारिया क्षेत्र की रहने वाली है। वह अगरबत्ती फैक्ट्री में काम करती थी। अक्सर बीमार रहती थी। उसके रिश्तेदारों ने कहा कि उस पर “भूत-प्रेत” का साया है। इसलिए झाड़-फूंक करवाई जानी चाहिए।

कमरे में बंद कर दी गई महिला

29 सितंबर को नवरात्रि की सप्तमी के दिन उर्मिला अपनी मां के साथ गांव पहुंची। उसे गांव के एक कमरे में ले जाया गया, जहाँ कई देवी-देवताओं की तस्वीरें लगी थीं। तभी एक महिला तलवार के साथ खप्पर लेकर आई और कहा, “इस पर चुड़ैल है।”

इसके बाद झाड़-फूंक के नाम पर उर्मिला पर जंजीर से वार किया गया । उलटी तलवार से पीठ पर मारा गया। इसके साथ ही हथेलियों पर जलती बाती और माथे पर गर्म सिक्का चिपकाया गया। यह सब करीब ढाई घंटे तक चला।

घटना रात 9:30 बजे से शुरू होकर रात 12 बजे तक चली। इस दौरान उर्मिला बार-बार चिल्लाई और तड़पती रही, लेकिन किसी ने कोई मदद नहीं की। अगली सुबह गांव के उपसरपंच ने मदद की। महिला को उज्जैन शहर लेकर आए। ज्यादा हालत बिगड़ने के कारण वह तुरंत थाने नहीं जा सकी। बाद में वह अपनी मां के साथ महिला थाने पहुंची ।

रिश्तेदारों ने झाड़-फूंक के नाम पर पहुंचाया दर्द

महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर 8 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 5 की तलाश जारी है। आरोपियों में संतोष चौधरी, कान्हा चौधरी, राजू चौधरी, रितेश चौधरी, कान्हा भील, कान्हा पिता मांगीलाल, मनोहर और सुगा बाई शामिल हैं।

उर्मिला की शादी 6 साल पहले गौतमपुरा में हुई थी। उसकी 2 साल की एक बेटी भी है। जानकारी के मुताबिक लड़की पैदा होने पर उसके पति ने उसे छोड़ दिया, क्योंकि उसे बेटा चाहिए था। अब वह अपनी मां के साथ उज्जैन में रह रही है।

READ MORE: पंचायत भवन में पहुंचा पूर्व सरपंच का बेटा, महिला पटवारी से की बदसलूकी, VIDEO वायरल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *