Shivpuri News: शिवपुरी (मध्यप्रदेश)। जिले के कोलारस क्षेत्र के अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लुकवासा अस्पताल में पदस्थ ड्रेसर मनीष नाजगड़ ने बीएमओ (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर) पर अवैध कट्टा तान दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ड्रेसर पिछले 12 महीनों से वेतन न मिलने से बेहद नाराज़ था। इसी गुस्से में उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
घटना के दौरान मनीष ने अपने कट्टे में कारतूस भी लोड कर रखा था और बीएमओ को धमकाते हुए अपने बकाया वेतन की मांग करने लगा। इस पूरी घटना के बाद अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया और सभी कर्मचारी दहशत में आ गए।
बीएमओ की शिकायत पर कोलारस थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने आरोपी ड्रेसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पहले भी कर चुका है अनुशासनहीनता
सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले मनीष का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह अस्पताल परिसर में बैठकर शराब पीते हुए रील बना रहा था। माना जा रहा है कि इसी घटना के चलते उसका वेतन रोका गया था, जिससे वह मानसिक तनाव में था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी से अवैध हथियार और कारतूस जब्त कर लिए हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसे यह हथियार कहां से मिला। आरोपी पर शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
READ MORE: फर्जी पहचान से शादी करने वाले इमरान को 3 साल की सजा….