रणवीर सिंह के धुरंधर 2 ट्रेलर पर ऋतिक रोशन ने जताई तारीफ, पहले नहीं थे राजनीति से सहमत

नई दिल्ली: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर द रिवेंज (Dhruva Natchathiram 2 / Dhurandhar 2) का ट्रेलर 19 मार्च को रिलीज से पहले ही मेकर्स ने शेयर कर दिया है। फिल्म के ट्रेलर में रणवीर सिंह का धुआंधार एक्शन फैंस का दिल जीत रहा है और सोशल मीडिया पर इसकी खूब तारीफ हो रही है। इस लिस्ट में बॉलीवुड के सुपरस्टार ऋतिक रोशन का नाम भी शामिल हो गया है। रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर धुरंधर द रिवेंज का ट्रेलर शेयर किया और लिखा कि यह पर्सनल है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद कमेंट सेक्शन में ऋतिक रोशन ने हार्ट, फायर और ताली बजाने वाली इमोजी के साथ लिखा, “बहुत अच्छा।” ऋतिक रोशन ने इससे पहले धुरंधर का रिव्यू करते हुए कहा था कि वह फिल्म में दिखाई गई राजनीति से सहमत नहीं हैं, लेकिन फिल्म देखने का अनुभव उन्हें पसंद आया। इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्होंने लिखा था, मुझे सिनेमा पसंद है, मुझे ऐसे लोग पसंद हैं जो किसी भंवर में फंस जाते हैं और कहानी को कंट्रोल करने देते हैं, उन्हें घुमाते, हिलाते हैं जब तक कि जो कहना चाहते हैं वह स्क्रीन पर न आ जाए। धुरंधर इसका उदाहरण है। कहानी कहने का तरीका बहुत पसंद आया। सिनेमा के तौर पर यह कमाल है। मैं इसकी पॉलिटिक्स से सहमत नहीं हो सकता, और इस बात पर बहस कर सकता हूं कि फिल्ममेकरों को क्या जिम्मेदारियां उठानी चाहिए। फिर भी एक सिनेमा स्टूडेंट के तौर पर मुझे यह पसंद आया और इससे मैंने बहुत कुछ सीखा। धुरंधर पहली बार 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, राकेश बेदी, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन अहम किरदार में नजर आए थे। धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये वर्ल्डवाइड कलेक्शन हासिल किया था। अब धुरंधर 2 के ट्रेलर पर ऋतिक का रिएक्शन दर्शाता है कि भले ही राजनीति पर उनके विचार अलग हों, लेकिन फिल्म की कहानी और एक्शन ने उन्हें पूरी तरह इंप्रेस किया। फैंस भी इस ट्रेलर को लेकर बेहद उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफों की झड़ी लगी हुई है।
रश्मिका-विजय रिसेप्शन विवाद: जूनियर एनटीआर के बॉडी डबल ने तोड़ी चुप्पी, बताया पूरा सच

नई दिल्ली में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की रिसेप्शन पार्टी के दौरान वायरल हुआ वीडियो अब चर्चा का केंद्र बना हुआ है। वीडियो में दिखाया गया था कि अल्लू अर्जुन के बाउंसर्स ने जूनियर एनटीआर के बॉडी डबल को धक्का दिया था। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैलीं, लेकिन अब इस वीडियो में दिख रहे बॉडी डबल ईश्वर हैरिस ने सच सामने रखा है। ईश्वर ने बताया कि रश्मिका और विजय के रिसेप्शन में वह फोटो क्लिक करवाने के लिए स्टेज की ओर बढ़ रहे थे। उसी समय अल्लू अर्जुन की एंट्री हुई। बाउंसर्स ने गलतफहमी में उन्हें पीछे कर दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि ईश्वर अर्जुन के पास फोटो खिंचवाने जा रहे हैं। ईश्वर ने कहा कि यह कोई असभ्य या जानबूझकर किया गया धक्का नहीं था। बॉडी डबल ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर इस छोटी सी घटना को जरूरत से ज्यादा बढ़ा चढ़ाकर पेश किया गया है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग इस वीडियो के जरिए उन्हें अमीर बना देंगे, जिसके लिए वह सबका धन्यवाद भी करते हैं। ईश्वर हैरिस ने पहले भी कई फिल्मों में जूनियर एनटीआर के बॉडी डबल के तौर पर काम किया है। इनमें प्रमुख फिल्म आरआरआर शामिल है। इसके अलावा वह कई एडवरटाइजमेंट्स में भी नजर आ चुके हैं। फिल्म वॉर 2 में भी वह बॉडी डबल के लिए चुने गए थे, लेकिन उन्होंने वह ऑफर ठुकरा दिया। अगर बात अल्लू अर्जुन की करें, तो वह इन दिनों अपने फिल्मों पुष्पा: द राईज और पुष्पा 2: द रूल की सफलता एंजॉय कर रहे हैं। इसके बाद वह डायरेक्टर एटली के साथ अपने नए प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। इस वायरल वीडियो ने यह साबित किया कि सोशल मीडिया पर छोटी घटनाओं को अक्सर गलत तरीके से पेश किया जाता है। ईश्वर हैरिस ने साफ किया कि घटना पूरी तरह से मासूम और सामान्य थी और किसी तरह की झगड़े या विवाद की स्थिति नहीं थी।
दिल्ली को आपदा सरकार से मिली मुक्ति, अब तेजी से आगे बढ़ रहा विकास : प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पिछली सरकार के कारण दिल्ली का विकास लंबे समय तक प्रभावित रहा लेकिन पिछले एक वर्ष में राजधानी में विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाया गया है और इसका लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। रविवार को बुराड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने 33,500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एक वर्ष पहले दिल्ली जिस आपदा से मुक्त हुई उसकी अहमियत अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि उस समय की सरकार बाधा न बनती तो मेट्रो का चौथा चरण काफी पहले ही पूरा हो सकता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रतिदिन लाखों लोग बसों से सफर करते हैं इसलिए उन्हें बेहतर और आरामदायक परिवहन सुविधा देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में चार हजार से अधिक बसें राजधानी में सेवा दे रही हैं जिनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग दस वर्षों तक पूर्व सरकार के समय विकास कार्य ठप पड़े रहे लेकिन अब उन्हें तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यमुना नदी की सफाई के लिए भी बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार को लोगों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं था और गरीबों की अनदेखी की गई। वहीं रेखा गुप्ता के नेतृत्व में अब हालात को लगातार बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। पिछले एक वर्ष में बड़ी संख्या में आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं जिससे लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अब विकास का नया मॉडल दिखाई दे रहा है जहां काम शुरू हो चुका है और बहानों की जगह परिणाम पर ध्यान दिया जा रहा है।
8 मार्च की कहानी: कैसे बन गया International Women’s Day महिलाओं के अधिकारों का प्रतीक

नई दिल्ली: दुनिया में हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है, जो महिलाओं की उपलब्धियों और उनके अधिकारों के लिए चल रहे संघर्ष का सम्मान करने का दिन है। यह दिन सिर्फ उत्सव नहीं बल्कि समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके योगदान को पहचानने का अवसर भी है। साल 2026 के लिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम ‘Give To Gain’ रखी गई है। इसका संदेश यह है कि जब हम महिलाओं को शिक्षा, प्रशिक्षण, मेंटरशिप, न्याय, सुरक्षा और बराबर अवसर देते हैं, तो उसका लाभ पूरे समाज को मिलता है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का इतिहास 20वीं सदी की शुरुआत से जुड़ा हुआ है। 1908 में कामकाजी महिलाओं ने अपने अधिकारों के लिए बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया। उनका उद्देश्य महिलाओं के लिए बेहतर कामकाजी माहौल और समान अधिकार सुनिश्चित करना था। धीरे-धीरे यह दिन दुनिया भर में महिलाओं के अधिकार, मतदान के अधिकार और समानता का प्रतीक बन गया। 1911 में जर्मनी, ऑस्ट्रिया, डेनमार्क और स्विट्जरलैंड में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया, जिसमें लाखों लोगों ने भाग लिया और महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में रैलियां निकाली। ऑस्ट्रेलिया में 25 मार्च 1928 को महिलाओं ने समान काम के लिए समान वेतन, आठ घंटे का कार्यदिवस और बेरोजगारों के लिए बुनियादी वेतन की मांग करते हुए बड़े मार्च किए। शुरुआत में महिला दिवस अलग-अलग तारीखों पर मनाया जाता था। 1922 में सोवियत संघ के नेता व्लादिमीर लेनिन ने 8 मार्च को आधिकारिक रूप से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस घोषित किया। इसके बाद धीरे-धीरे यह दिन दुनिया के कई देशों में मान्यता प्राप्त कर गया। 1975 में संयुक्त राष्ट्र ने भी इसे आधिकारिक रूप से मान्यता दी और तभी से 8 मार्च पूरी दुनिया में महिलाओं के अधिकारों और समानता के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बन गया। इस दिन समाज में महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक योगदान को पहचानने के साथ-साथ लैंगिक भेदभाव, कार्यस्थल पर असमानता, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और शिक्षा और अवसरों की कमी जैसे मुद्दों की ओर भी ध्यान दिलाया जाता है। सरकारें, संस्थाएं और समाज के लोग कार्यक्रम आयोजित करके महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करते हैं और उन्हें बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए जागरूकता फैलाते हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हमें यह याद दिलाता है कि महिलाओं को समान अवसर देना सिर्फ उनके लिए नहीं बल्कि पूरे समाज के विकास के लिए जरूरी है। जब महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है, तो समाज अधिक मजबूत और विकसित बनता है। 2026 की थीम ‘Give To Gain’ इस बात पर जोर देती है कि महिलाओं को समर्थन और संसाधन देने से पूरे समाज को लाभ होता है और समानता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए जा सकते हैं।
पीएनबी के 1085 करोड़ रुपये के ऋण घोटाले में अनिल अंबानी पर सीबीआई ने दर्ज किया नया मामला

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने पंजाब नेशनल बैंक की शिकायत के आधार पर उद्योगपति अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस के कुछ पूर्व अधिकारियों के खिलाफ 1085 करोड़ रुपये के ऋण घोटाले को लेकर नया मामला दर्ज किया है। यह मामला धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से जुड़ा बताया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक संतोषकृष्ण अन्नावरपु की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर की गई। दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2013 से 2017 के दौरान अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस के तत्कालीन अधिकारियों ने बैंक से लिया गया लगभग 1085 करोड़ रुपये का ऋण नियमों के विपरीत तरीके से इस्तेमाल किया। बैंक का कहना है कि कंपनी ने यह ऋण वापस करने की स्पष्ट मंशा के बिना लिया था और प्राप्त धनराशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के बजाय अन्य कार्यों में किया गया। बैंक के अनुसार यह कृत्य धोखाधड़ी और विश्वास के आपराधिक उल्लंघन की श्रेणी में आता है। प्राथमिकी में अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस के अलावा कुछ अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो अब इस मामले में धन के उपयोग, संभावित वित्तीय हेरफेर और लेन-देन से जुड़ी कड़ियों की विस्तृत जांच करेगी।
MP में 9 दिन लगेगा कुंवारों के देवता बिल्लम बावजी का दरबार, पान और नारियल अर्पित कर लगाई जाती है शादी की अर्जी

नीमच । मध्यप्रदेश के नीमच जिले के जावद में कुंवारों के देवता के रूप में प्रसिद्ध बिल्लम बावजी का अनोखा दरबार हर साल रंग पंचमी से शुरू होकर रंग तेरस तक चलता है। इस दौरान हजारों अविवाहित युवक-युवतियां और उनके परिजन विवाह की मनोकामना लेकर बावजी के दर्शन करने पहुंचते हैं। करीब 30 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के अनुसार, बावजी की प्रतिमा को गणेश मंदिर की कुई से लाकर जावद के पुरानी धान मंडी क्षेत्र में स्थापित किया जाता है। इसके बाद नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना और मन्नतों का दौर चलता है। स्थानीय मान्यता है कि यहां पान और नारियल अर्पित कर अर्जी लगाने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर हो जाती हैं और जल्द ही योग्य जीवनसाथी मिल जाता है। जिस युवक या युवती की शादी की अर्जी लगाई जाती है, उसे चढ़ाया हुआ पान खाना होता है। इसके बाद शीघ्र ही विवाह का रिश्ता तय होने की बात कही जाती है। कई श्रद्धालुओं ने बावजी की कृपा से मनोकामना पूरी होने के उदाहरण साझा भी किए हैं। बताया जाता है कि करीब 30 वर्ष पहले गणेश मंदिर की कुई की सफाई के दौरान यह प्रतिमा मिली थी। इसके बाद इसे कुई के थारे पर विराजित कर दिया गया और धीरे-धीरे इसकी ख्याति कुंवारों के देवता के रूप में फैलने लगी। आज यह दरबार लोगों की आस्था का केंद्र बन चुका है। हर साल देश के कोने-कोने से हजारों युवक-युवतियां अपने जीवनसाथी की कामना लेकर बावजी के दरबार में माथा टेकते हैं। नौ दिन तक चलने वाले इस अनोखे उत्सव में पान, नारियल और अर्जी के माध्यम से मनोकामनाएं पूरी होने की उम्मीद के साथ श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं। बल्लम बावजी का यह दरबार न केवल विवाह की कामना के लिए बल्कि आस्था और परंपरा का प्रतीक भी बन चुका है।
भोपाल में महिला कार रैली: साहस और आत्मविश्वास की चलती-फिरती मिसाल

भोपाल। शनिवार दोपहर बंसल प्लाज़ा से तिरंगा झंडा लहराया गया, और यह केवल एक कार रैली की शुरुआत नहीं थी बल्कि पहियों पर सवार एक क्रांति थी। एग्रोहा क्लब द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की भव्य रैली नारी तू नारायणी ने शहर की सड़कों को महिलाओं के साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक बना दिया। इस आयोजन ने भोपाल की महिलाओं को अपनी ताकत और संभावनाओं का अहसास कराया। दोपहर 3 बजे रैली शुरू हुई और पूरा माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया। सड़कों पर गूंजते नारों और रंग-बिरंगी कारों ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाएं अब अपनी राह खुद तय कर रही हैं। “नारी तू नारायणी” केवल नारा नहीं बल्कि आंदोलन बनकर सड़कों पर उतर आया। इस रैली में हर महिला ने किसी प्रसिद्ध महिला व्यक्तित्व का रूप धारण किया और अपनी कार को उसी थीम पर सजाया। रैली एक चलती-फिरती प्रदर्शनी बन गई जिसमें इतिहास और प्रेरणा का संगम दिखाई दिया। कुछ महिलाओं ने रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारण किया, हाथ में तलवार लिए और साहस का परिचय दिया। कुछ प्रतिभागियों ने भारत महिला क्रिकेट टीम की जर्सी पहनकर उनकी उपलब्धियों को सलाम किया, तो कुछ महिलाओं ने अंतरिक्ष यात्री बनकर उन भारतीय बेटियों को याद दिलाया जिन्होंने आसमान से भी आगे जाकर इतिहास रचा। कारों पर प्रेरक संदेश और महान महिलाओं की तस्वीरें सजाई गईं जिनमें शामिल थीं – द्रौपदी मुर्मू भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति, निर्मला सीतारमण देश की वित्त मंत्री, लता मंगेशकर जिनकी आवाज करोड़ों दिलों की धड़कन बनी, सुधा मूर्ति समाजसेवा और शिक्षा की प्रेरक हस्ती, किरण बेदी भारत की पहली महिला आईपीएस अधिकारी, सुष्मिता सेन मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली। कारों पर लिखे संदेश भी उतने ही प्रेरक थे-गांव की पगडंडियों से देश की अगुवाई तक, Each One Teach One, नारी शक्ति का यह कारवां छुएगा आसमान। पूरे आयोजन में नई पीढ़ी की ऊर्जा स्पष्ट दिखाई दी। महिलाएं कारों से हाथ हिलातीं, नारे लगातीं और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ती रहीं। हर सजी हुई कार साहस, आत्मविश्वास और सपनों की कहानी कह रही थी। यह वही पीढ़ी है जो दंगल और मैरी कॉम जैसी कहानियां देखकर बड़ी हुई और अब अपनी जगह खुद बना रही है। दिन का सबसे प्रेरक संदेश तब आया जब एक प्रतिभागी, अंतरिक्ष यात्री की पोशाक में, बोली -महिलाएं सिर्फ घर से बाहर ही नहीं निकल सकतीं, वे अंतरिक्ष तक भी पहुंच सकती हैं। आज महिला दिवस पर हम उन बेटियों को सलाम करते हैं जिन्होंने अपने सपनों के लिए सब कुछ दे दिया – कल्पना चावला और सुनीता विलियम्स। उनका साहस और समर्पण हमें हमेशा प्रेरित करेगा। रैली के समापन पर बेस्ट ड्रेस्ड पर्सनालिटी, बेस्ट एम्पावरमेंट स्लोगन और बेस्ट डेकोरेटेड कार जैसी श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए। एग्रोहा क्लब की नारी तू नारायणी महिला कार रैली 2026 ने दिखा दिया कि महिला दिवस सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि प्रेरणा का माध्यम भी बन सकता है। भोपाल की महिलाओं ने इंतजार नहीं किया, उन्होंने स्टीयरिंग अपने हाथों में ली और नारी शक्ति का संदेश पूरे शहर में फैलाया।
ग्वालियर में बाबा अचलनाथ की भव्य रंगपंचमी नगर यात्रा: फूलों और गुलाल से होली, 5 किलो चांदी का दान, श्रद्धालुओं ने किया उत्साहपूर्वक स्वागत

ग्वालियर। रंगपंचमी के अवसर पर बाबा अचलनाथ की नगर यात्रा निकली, पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुआ भव्य चल समारोह। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बाबा अचलनाथ की सवारी के साथ श्रद्धालु फूलों और गुलाल से होली खेलते नजर आए। यात्रा की शुरुआत अचलेश्वर महादेव मंदिर से हुई और इसमें डीजे और बैंड की धुनों पर लोग नाचते-गाते शामिल हुए। नगर भ्रमण सवारी दल बाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा और सराफा बाजार से होकर गुजरी। शाम करीब 4 बजे बाबा अचलनाथ की सवारी राम मंदिर पहुंची, जहां बाबा ने भगवान राम के साथ रंग और गुलाल से होली खेली। इसके अतिरिक्त, सनातन धर्म मंदिर में चक्रधर भगवान के साथ भी रंगोत्सव का आयोजन किया गया। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह बाबा अचलनाथ का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और प्रसादी वितरित की गई। इस अवसर पर एक दानदाता ने मंदिर के स्तंभों के लिए 5 किलो चांदी का दान भी किया। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि आज सभी दानपेटियां भी खोली जाएंगी। इस भव्य रंगपंचमी आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं।
दिग्विजय सिंह आज कर सकते हैं रिटायरमेंट का ऐलान: शाम 4 बजे भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस, राज्यसभा से पहले ही इनकार

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर सकते हैं। दिग्विजय ने शाम 4 बजे भोपाल स्थित अपने सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। तीन दिन पहले उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, “मेरा रिटायरमेंट प्लान? शायद, क्यों नहीं…”। वीडियो में 62 वर्षीय सिबानंद भंजा और उनकी पत्नी बसबी भंजा को दिखाया गया है, जिन्होंने बैंक की नौकरी से रिटायर होने के बाद एक कार में यात्रा कर पूरे भारत का भ्रमण शुरू किया। दंपति ने अब तक 55 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर ली है और होटल के बजाय खुद भोजन बनाकर खाते हैं। दिग्विजय ने इस वीडियो के माध्यम से अपने रिटायरमेंट के अंदाज को दर्शाया। राज्यसभा चुनाव को लेकर भी दिग्विजय पहले ही साफ कर चुके हैं कि वे राज्यसभा की सीट लेने से इनकार कर चुके हैं। जून में उनका दूसरा कार्यकाल पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा जाने का विकल्प छोड़कर एमपी में कांग्रेस की स्थिति पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इतिहास पर नजर डालें तो दिग्विजय सिंह 1993 से 2003 तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन 2003 में कांग्रेस की हार के बाद उन्होंने 10 साल तक चुनाव न लड़ने का संकल्प लिया। 2014 में वे राज्यसभा सदस्य बने और 2020 में दूसरी बार राज्यसभा सांसद चुने गए। आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके रिटायरमेंट और भविष्य की योजनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है, जिससे मध्य प्रदेश की राजनीति और कांग्रेस के रणनीतिक बदलाव पर नई बहस शुरू हो सकती है।
राष्ट्रपति मुर्मू का सिलीगुड़ी कार्यक्रम विवाद: बंगाल सरकार पर गृह मंत्रालय ने रिपोर्ट तलब की, आदिवासी समुदाय की उपेक्षा का आरोप

नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम स्थल परिवर्तन को लेकर पश्चिम बंगाल में विवाद तेज हो गया है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने बंगाल के मुख्य सचिव से इस घटना की रिपोर्ट तलब की है और निर्देश दिए हैं कि इसे आज शाम 5 बजे तक गृह मंत्रालय को भेजा जाए। 7 मार्च को होने वाले 9वें अंतरराष्ट्रीय संथाल कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रपति को आमंत्रित किया गया था। मूल रूप से यह कार्यक्रम सिलीगुड़ी के बिधाननगर में होना तय था, लेकिन सुरक्षा और लॉजिस्टिक कारणों का हवाला देते हुए इसे बागडोगरा एयरपोर्ट के पास गोपालपुर में शिफ्ट कर दिया गया। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस बदलाव पर नाराजगी जताई और कहा कि उन्हें लगता है कि बंगाल सरकार आदिवासियों का भला नहीं चाहती। नॉर्थ बंगाल दौरे के दौरान न तो मुख्यमंत्री और न ही कोई मंत्री उनका स्वागत करने आए। राष्ट्रपति ने कहा, ममता बनर्जी मेरी छोटी बहन जैसी हैं। मैं भी बंगाल की बेटी हूं। अगर कार्यक्रम बिधाननगर में होता तो बेहतर होता। वहां अधिक जगह थी और ज्यादा लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकते थे।” उन्होंने बताया कि गोशाईपुर में जगह छोटी होने के कारण कई लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर केवल सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब ही उनका स्वागत करने मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विवाद पर कहा कि राष्ट्रपति का पद पॉलिटिक्स से ऊपर है और इसकी गरिमा हमेशा बनी रहनी चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल पर टिप्पणी करने से पहले राष्ट्रपति को BJP शासित राज्यों की स्थिति भी देखनी चाहिए। राष्ट्रपति ने अपने भाषण में संथाल युवाओं से भाषा, परंपरा और शिक्षा को बचाने की अपील की और स्वतंत्रता संग्राम में संथाल समुदाय के योगदान को याद दिलाया। उन्होंने पंडित रघुनाथ मुर्मू द्वारा 1925 में बनाई गई ओल चिकी लिपि का स्मरण किया और आदिवासी युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और सांस्कृतिक संरक्षण पर ध्यान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संथाल समुदाय ने सदियों से लोक संगीत, नृत्य और परंपराओं को सुरक्षित रखा है और आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा और संस्कृति के संतुलन पर ध्यान देना चाहिए। राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल विवाद ने प्रशासन और राजनीतिक स्तर पर हलचल मचा दी है। गृह मंत्रालय ने बंगाल सरकार से रिपोर्ट तलब कर जांच शुरू कर दी है, वहीं आदिवासी समुदाय और देशभर में लोग इस मुद्दे पर संवेदनशील प्रतिक्रिया दे रहे हैं।