यह घटना 18 मई की रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सफेद रंग की तेज रफ्तार कार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आ रही थी। वह गश्त के ताजिया की ओर से आते हुए पहले एक ई-रिक्शा से टकराई और फिर सीधे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो पलट गया और सड़क पर मौजूद लोग घबरा गए।
घटना के वक्त कुछ युवक ई-रिक्शा से उतरकर पास खड़े ऑटो में बैठे ही थे कि अचानक यह हादसा हो गया। बावन पायगा निवासी 16 वर्षीय अनिकेत सविता अपने दोस्तों राजीव जाटव, नौमित जाटव और कृष्णा राठौर के साथ रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे थे। राम मंदिर के पास ई-रिक्शा की बैटरी खत्म हो जाने के बाद वे ऑटो में सवार हुए ही थे कि यह दुर्घटना हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी को पीछे लेकर तेजी से फरार हो गया। भागते समय उसने एक अन्य ई-रिक्शा को भी टक्कर मार दी, जबकि एक ऑटो में सवार परिवार बाल-बाल बच गया। इस पूरी घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
घायल हुए पांच लोगों में अनिकेत सविता (16), राजीव जाटव, नौमित जाटव, कृष्णा राठौर और ऑटो चालक सतीश प्रजापति शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इंदरगंज थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब आसपास के मैरिज गार्डन और राम मंदिर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। यह मामला एक बार फिर शहर में बढ़ते ट्रैफिक नियम उल्लंघन और तेज रफ्तार ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।