HIGHLIGHTS:
- AI से बनाई गईं युवती की फर्जी न्यूड तस्वीरें
- तस्वीरें वायरल कर मांगे 1 लाख रुपए
- पैसे नहीं देने पर बदनामी की धमकी
- थाटीपुर थाने में साइबर ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज
- आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, साइबर जांच शुरू
Gwalior Cyber Crime: ग्वालियर। AI तकनीक एक तरफ जहां लोगों की जिंदगी आसान बना रही है, वहीं दूसरों तरफ उसका गलत इस्तेमाल कई लोगों के लिए परेशानी बनता जा रहा है। ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में एक 24 वर्षीय युवती के साथ ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से उसकी फर्जी न्यूड तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
कई दिनों से आ रहे थे कॉल
युवती ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसे एक अनजान नंबर से लगातार फोन आ रहे थे। कॉल करने वाला व्यक्ति दावा कर रहा था कि उसके पास युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें हैं। शुरुआत में उसने बात को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन जब व्हाट्सएप पर कुछ तस्वीरें भेजी गईं तो वह हैरान रह गई।
पीड़िता का कहना है कि ये तस्वीरें पूरी तरह फर्जी हैं और AI तकनीक की मदद से तैयार की गई हैं। आरोपी ने तस्वीरें भेजने के बाद एक लाख रुपए की मांग की और धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर वह इन्हें और लोगों तक पहुंचा देगा।
इस घटना के बाद युवती और उसका परिवार काफी परेशान है। युवती का कहना है कि उसने कभी ऐसी कोई तस्वीर नहीं खिंचवाई। किसी ने आधुनिक तकनीक का गलत इस्तेमाल कर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की है।
पुलिस जांच में जुटी
शिकायत मिलने के बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही साइबर विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तस्वीरें कहां और किस तकनीक से तैयार की गईं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत साइबर सेल या पुलिस से संपर्क करें और किसी भी तरह की ब्लैकमेलिंग के दबाव में आकर पैसे न दें। आरोपी की तलाश जारी है।