Chhindwara Road Accident: भोपाल। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल बताये जा रहे हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
सीएम ने जताया शोक
छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के पास मजदूरों से भरी पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
CM मोहन यादव ने किया 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान
CM मोहन यादव ने अपने X हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं। हम मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश देते हैं।
उन्होंने लिखा कि बाबा महाकाल दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं।
मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) June 22, 2026
खेतों में काम करने जा रहे थे मजदूर
बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार करीब 26 मजदूर मछेरा गांव से खेतों में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक का टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप सड़क से दूर खेत में जा घुसी।
हादसे में घायल हुए मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है, जबकि एक गंभीर घायल को नागपुर रेफर किया गया है।