GWALIOR SCRIMES: ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जहां एक बदमाश ने युवक पर गोली चला दी। खास बात यह रही कि आरोपी ने वारदात से करीब एक घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर “COMING SOON–307” लिखकर स्टोरी डाली थी, जो आईपीसी की धारा 307 (हत्या के प्रयास) की ओर इशारा करती है।
भारत की वायुसेना को बड़ा बूस्ट: 100 से ज्यादा राफेल विमानों की खरीद पर चर्चा, खर्च 3.25 लाख करोड़
घायल युवक की पहचान कांचमिल, पंजाब वाली गली निवासी मोनू के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में काम करता है। गुरुवार रात वह किसी काम से जा रहा था, तभी भोले बाबा मंदिर के पास विक्की उर्फ आदित्य सिकरवार ने उसका रास्ता रोक लिया। रंगदारी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। जिसके बाद आरोपी ने कमर से कट्टा निकालकर गोली चला दी। मोनू ने बचने की कोशिश की, लेकिन गोली उसके पैर में लग गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया । बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ में उसने रंगदारी विवाद की बात कबूल की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी सिरोल क्षेत्र में शराब दुकान पर और पुलिस पर फायरिंग कर चुका है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।