नई दिल्ली। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में देर रात बड़े स्तर पर तबादले किए गए, जिसके तहत खंडवा जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। छतरपुर में पदस्थ रहे आईपीएस अधिकारी अगम जैन को अब खंडवा का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
अगम जैन 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 133वीं रैंक हासिल की थी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले जैन इससे पहले छतरपुर जिले में एसपी के रूप में कार्यरत थे, जहां उनके कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया था।
वहीं, खंडवा के वर्तमान एसपी मनोज कुमार राय, जो हाल ही में डीआईजी पद पर प्रमोट हुए थे, अब उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल (PHQ) में उप पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भोपाल स्थित मुख्यालय में उनकी नई पोस्टिंग को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है।
मनोज कुमार राय 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उनके प्रमोशन के बाद उनकी नई पोस्टिंग का इंतजार किया जा रहा था, जो अब पूरा हो गया है।
इस तबादले को पुलिस प्रशासन में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे दोनों जिलों में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है।