Chambalkichugli.com

छिंदवाड़ा: हज यात्रियों को छोड़ लौट रही कार हादसे का शिकार, तीन की मौत, तीन गंभीर घायल


छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागपुर में हज यात्रियों को छोड़कर लौट रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं वाहन चालक और एक अन्य घायल ने छिंदवाड़ा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

तीन घायल निजी अस्पताल में भर्ती
कार में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छिंदवाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया था। इनमें दो लोग मृत अवस्था में पहुंचे थे, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।

कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त, जांच जारी
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने या वाहन से नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Popular News