CM MOHAN YADAV ACTION: भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक है और इसका पालन हर हाल में होना चाहिए।
शुक्रवार को मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मंत्रालय, विंध्याचल भवन और सतपुड़ा भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था लागू की जाए।
उन्होंने कहा कि समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए जरूरत पड़ने पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए।
Monsoon: कहीं मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त -व्यस्त.. तो कहीं बूंदाबांदी
पहले अधिकारी बनें उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय का पालन सबसे पहले वरिष्ठ अधिकारियों को करना चाहिए। इसके बाद वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
भेल की खाली जमीन वापस लेने की तैयारी
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) को आवंटित जो जमीन उपयोग में नहीं आ रही है, उसे वापस लेने के लिए केंद्र के भारी उद्योग मंत्रालय से समन्वय किया जाए।
Datia Assembly By Election: कांग्रेस की आज अहम बैठक, प्रत्याशी के नाम पर लग सकती है मुहर
प्रमुख मंदिरों में तैनात होंगे होमगार्ड
मुख्यमंत्री ने महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में होमगार्ड जवानों की तैनाती की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर समितियों के बजट से इसके लिए पद सृजित किए जाएं। साथ ही अग्निवीरों को पुलिस के सशस्त्र बल में आरक्षक भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
धार्मिक और विकास परियोजनाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट के विकास कार्यों में तेजी लाने, मंदाकिनी नदी जोड़ो परियोजना को आगे बढ़ाने और अमरकंटक, ओंकारेश्वर, महेश्वर, दतिया, ओरछा तथा मैहर जैसे धार्मिक स्थलों पर धर्मशाला, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं के विकास के निर्देश भी दिए।