Coldrif Cough Syrup Death Tragedy: जहरीला कफ सिरप बनाकर बच्चों की जान लेने वाली श्रीसन फार्मा कंपनी के निदेशक गोविंदन रंगनाथन को मध्यप्रदेश पुलिस की एसआईटी ने चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात की गई। बता दें टीम ने चेन्नई-बेंगलुरु हाईवे पर स्थित उसके फ्लैट पर दबिश दी।
रंगनाथन पर ₹20,000 का इनाम घोषित था। वह पत्नी के साथ फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के साथ ही एसआईटी ने कंपनी से महत्वपूर्ण दस्तावेज, दवा के नमूने और प्रोडक्शन रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं।
अब तक 24 बच्चों की मौत (Coldrif Cough Syrup Death Tragedy)
इस जहरीले कफ सिरप ‘कोल्डरिफ’ के कारण अब तक 24 बच्चों की मौत हो चुकी है। ताजा मामला छिंदवाड़ा जिले के उमरेठ तहसील के पचधार गांव का है, जहां 3 वर्षीय मयंक सूर्यवंशी की नागपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 25 सितंबर से भर्ती था। इसके साथ ही मृत बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
इस केमिकल से बनाया गया था सिरप(Coldrif Cough Syrup Death Tragedy)
जांच में बड़ा खुलासा यह हुआ है कि यह कफ सिरप नॉन-फार्मास्यूटिकल ग्रेड केमिकल से बनाया गया था, जो दवा निर्माण के लिए पूरी तरह से अनुपयुक्त होता है। तमिलनाडु ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी ने 25 मार्च 2025 को सनराइज बायोटेक, चेन्नई से 100 किलो प्रोपलीन ग्लायकॉल खरीदा था। यह केमिकल दवा ग्रेड नहीं था और न ही उसकी कोई जांच करवाई गई। केमिकल की खरीद के न तो बिल मिले हैं, और न ही रजिस्टर में एंट्री की गई थी।
कंपनी के मालिक ने पूछताछ में मौखिक रूप से स्वीकार किया कि उन्होंने यह केमिकल दो बार में खरीदा था, लेकिन यह लेन-देन कैश या G-Pay के माध्यम से किया गया था। जांच अधिकारियों को शक है कि कंपनी ने सबूत मिटाने के लिए केमिकल का स्टॉक जल्दबाजी में खत्म कर दिया। दस्तावेज भी छिपाने की कोशिश की।
READ MORE : स्कूल में मासूम से दरिंदगी करने वाला सरकारी शिक्षक गिरफ्तार, 6 महीने से था फरार