कलेक्टर के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
कलेक्टर विवेक श्रोतिय को धसान नदी में अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जतारा एसडीएम और पलेरा तहसीलदार की टीम को मौके पर रवाना किया गया। टीम के पहुंचते ही अवैध खनन में शामिल लोग वहां से भाग निकले, लेकिन प्रशासन ने मौके पर मौजूद मशीनरी को जब्त और नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
दो पनडुब्बियां जलाई गईं, मशीन जब्त
राजस्व विभाग की टीम ने पलेरा तहसील के मजरा कूटिन क्षेत्र में धसान नदी पर चल रहे अवैध खनन को रोका। यहां मौजूद दो पनडुब्बियों को आग लगाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। वहीं एक पोकलेन मशीन को जब्त कर लिया गया है, जिसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखा गया है।
प्रशासन का सख्त संदेश: अवैध खनन पर लगातार कार्रवाई जारी
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी हालत में अवैध रेत खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है और सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम जतारा निशांत भूरिया, तहसीलदार पलेरा कुलदीप सिंह, तहसीलदार जतारा नितिन गौड़ और नायब तहसीलदार श्रीपत अहीरवार ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
रेत माफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी
लगातार मिल रही शिकायतों और कार्रवाई के बावजूद जिले में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इसी तरह सख्त अभियान चलाकर रेत माफिया पर शिकंजा कसा जाएगा।