Mayor House Protest:मुरैना। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से परेशान लोग देर रात महापौर शारदा सोलंकी के घर का घेराव करने पहुंचे। लोग दो घंटे से अधिक समय तक घर के बाहर धरने पर बैठे रहे, लेकिन महापौर उनसे मिलने बाहर नहीं आईं। बाद में उनके बेटे ने बाहर आकर लोगों को समझाइश दी और बिजली अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इलाके में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। घंटों की कटौती अब आम बात हो गई है, जबकि कई बार लगातार कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
बिजली विभाग की लापरवाही
रहवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग में शिकायतें कि लेकिन फिर भी उनपर ध्यान नहीं दिया गया। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई थी। जिससे परेशान होकर लोग सीधे महापौर के घर शिकायत करने पहुंच गए।
लोगों का कहना है कि पानी की सप्लाई भी बिजली पर निर्भर है, इसलिए कटौती के चलते पानी का संकट भी शुरू हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में बिजली सुधार के नाम पर सिर्फ आश्वासन दिए जाते हैं। स्थानीय निवासी बलबीर ने बताया कि पिछले दो महीनों से हालात बेहद खराब हैं। कई बार 5 से 6 दिन तक बिजली नहीं आती, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
लाइनमैन को पैसे देने पर भी नहीं आई बिजली
रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली सुधार के लिए उन्हें लाइनमैन को पैसे तक देने पड़ते हैं। उनका कहना है कि पैसे देने के बाद कुछ समय के लिए बिजली बहाल हो जाती है, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर सप्लाई बंद हो जाती है।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के मोहल्लों में बिजली आपूर्ति सामान्य रहती है, जबकि उनके क्षेत्र में लगातार कटौती की जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।
महापौर के बेटे ने दिया आश्वासन
जब देर रात तक महापौर लोगों से मिलने बाहर नहीं आईं, तब उनके बेटे सौरभ सोलंकी घर से बाहर आए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की बात सुनी और उनके सामने ही बिजली विभाग के अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। इसके बाद लोगों को जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
वहीं, बिजली विभाग ने बढ़ती गर्मी को समस्या की मुख्य वजह बताया है। विभाग के अधीक्षण यंत्री (एसई) सुरेश कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे लाइनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और फॉल्ट की स्थिति बन रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्ड क्रमांक 3 की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, गर्मी और बिजली संकट से जूझ रहे लोगों को राहत का इंतजार है। अब देखना होगा कि विभाग और प्रशासन के आश्वासन जमीनी स्तर पर कब तक नजर आते हैं।