Chambalkichugli.com

AI का कमाल: बालकनी में घुसते ही कबूतर पर ‘ऑटोमैटिक अटैक’, वायरल हुआ पिजन डिफेंस सिस्टम



नई दिल्ली। टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक अनोखा प्रयोग सामने आया है, जहां एक शख्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर ऐसा सिस्टम बना दिया है जो बालकनी में आने वाले कबूतरों को खुद पहचानकर उन्हें भगाता है। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह AI-पावर्ड “पिजन डिफेंस सिस्टम” कबूतरों की पहचान करके उन पर पानी की बौछार कर उन्हें बालकनी से दूर करता है। सिस्टम को खास तौर पर इस तरह डिजाइन किया गया है कि जैसे ही कैमरे में कबूतर दिखता है, वह तुरंत एक्शन लेता है।

इस डिवाइस में Orange Pi 5 कंप्यूटर, USB कैमरा और YOLO World V2 AI विजन मॉडल का इस्तेमाल किया गया है। यह मॉडल लाइव वीडियो फीड को प्रोसेस करके कबूतर की पहचान करता है और फिर जुड़े हुए मैकेनिज्म को एक्टिव कर देता है।

सिस्टम में दो सर्वो मोटर्स, ट्रांजिस्टर और एक मॉडिफाइड इलेक्ट्रिक वॉटर गन लगाई गई है, जो टारगेट पर पानी की बौछार करती है। यह पूरा सेटअप Rockchip 3588 चिप के न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट पर काम करता है, जिससे यह पूरी तरह ऑटोमैटिक हो जाता है।

खास बात यह है कि यह सिस्टम सिर्फ कबूतर ही नहीं, बल्कि जरूरत के अनुसार गिलहरी या बिल्ली जैसे अन्य जानवरों को भी पहचानकर उन्हें भगाने के लिए सेट किया जा सकता है।

इंटरनेट पर इस इनोवेशन की काफी चर्चा हो रही है और लोग इसे AI के क्रिएटिव और प्रैक्टिकल इस्तेमाल का दिलचस्प उदाहरण बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Popular News