Morena News: मध्यप्रदेश। मुरैना जिले के ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नवागत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
हर दिन दो घंटे सुनवाई
जनसुनवाई का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तय किया गया है। इस दौरान पंचायत सचिव और रोजगार सहायक गांव में मौजूद रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे । इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव ने सभी जनपदों और पंचायतों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
मुख्यालय का बोझ होगा कम
प्रशासन की इस पहल से हर मंगलवार को जिला मुख्यालय पर होने वाली जनसुनवाई में भीड़ कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही समाधान मिल सकेगा। इसका सबसे बड़ा लाभ उन दूर-दराज के ग्रामीणों को होगा जो मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
एक से अधिक पंचायत चार्ज वालों के लिए विशेष व्यवस्था
जिन पंचायत सचिवों या रोजगार सहायकों के पास एक से अधिक ग्राम पंचायतों का चार्ज है, उन्हें प्रत्येक पंचायत में सप्ताह में तीन-तीन दिन जनसुनवाई करनी होगी। उन्हें यह जानकारी पूर्व में पंचायत भवन पर चस्पा करनी होगी।
लापरवाही पर होगी सख्त निगरानी
सीईओ कमलेश कुमार भार्गव ने बताया कि जनसुनवाई की व्यवस्था की मॉनिटरिंग टीम के माध्यम से निगरानी की जाएगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी जनसुनवाई में लापरवाही बरतता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण अपनी शिकायत सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंचा सकते हैं।
READ MORE : बच्चों की मौत का सौदागर गिरफ्तार, जहरीले कफ सिरप से उजड़ गए 24 घर…