MP GUNA NEWS: गुना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने 4 दिवसीय गुना दौरे के दौरान शहर को करीब 350 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी।
इस दौरान उन्होंने बिजली, सड़क, रेलवे, सिंचाई, कौशल विकास, स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण, भूमिपूजन और शुभारंभ किया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से की शुरुआत
सिंधिया ने अपने दौरे की शुरुआत कांजा गांव स्थित कूनो नदी के उद्गम स्थल से की। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 700 पौधे लगाए।
इसी दौरान ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की शुरुआत की और चिनेरा गांव में करीब 17.98 लाख रुपये की लागत से बने चेक डैम का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने में जनभागीदारी सबसे जरूरी है।
225 गांवों को मिलेगा बेहतर बिजली का लाभ
दौरे के अंतिम दिन सिंधिया ने 278 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुद्रा हनुमान सबस्टेशन की आधारशिला रखी। इस परियोजना से 225 गांवों के करीब 2.25 लाख लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी।
इसके लिए लगभग 100 किलोमीटर नई विद्युत लाइन भी बिछाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या काफी हद तक खत्म होगी।

सोलर प्लांट और आधुनिक आईटीआई का उद्घाटन भी किया
खुटियावाड़ में 20 करोड़ रुपये की लागत से बने 4.5 मेगावाट क्षमता वाले सोलर प्लांट का उद्घाटन किया गया। यह प्लांट हर साल करीब 75 लाख यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन करेगा।
वहीं, तिलवारा (मार्की माहू) में 14.74 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक आईटीआई भवन और 2.18 करोड़ रुपये के धनवाड़ी विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया गया। इससे युवाओं को बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत बिजली व्यवस्था मिलेगी।
MP को मिली दो सोलर प्रोजेक्ट की सौगात…, नीमच में मिलेगी दुनिया की सबसे सस्ती ₹2.14 में बिजली
रेलवे, सड़क और मंडी परियोजनाओं को मिली रफ्तार
सिंधिया ने गुना रेलवे स्टेशन से बीना-रुठियाई-बीना मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन के समय में बदलाव का प्रस्ताव भी रेल मंत्रालय को भेजा गया है।
इसके अलावा करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई फल एवं सब्जी मंडी का भूमिपूजन किया गया। वहीं 11.64 करोड़ रुपये की लागत से तैयार तीन प्रमुख सड़कों का लोकार्पण भी किया गया। बूढ़े बालाजी क्षेत्र में 160 हितग्राहियों को भूमि के पट्टे भी वितरित किए गए।
महिलाओं और स्वरोजगार को बढ़ावा
दौरे के दौरान सिंधिया ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जिन महिला समूहों का वार्षिक कारोबार 1 करोड़ रुपये से अधिक होगा और जिन्हें परिवहन की जरूरत होगी, उन्हें सांसद निधि से लोडिंग वाहन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए नए फार्मूलों पर काम कर रही केन्द्र सरकार….
स्वास्थ्य और सिंचाई परियोजनाओं की हुई समीक्षा
दिशा बैठक में सिंधिया ने जिले की स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले में 150 बिस्तरों वाले नए अस्पताल, 50 बिस्तरों के मातृत्व वार्ड, क्रिटिकल केयर यूनिट, एमआरआई और अन्य आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
इसके अलावा कूनो नदी पुनर्जीवन, निवाड़ी सिंचाई परियोजना, पनेटी बांध, पालडोरिया परियोजना और सिंध नदी आधारित पेयजल योजना जैसी बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
सिंधिया बोले- विकास का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गुना तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उनका कहना था कि विकास का उद्देश्य सिर्फ निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन को बेहतर बनाना है।

MP Monsoon: एमपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 40 से ज्यादा शहरों में बारिश का यलो अलर्ट!
किसे मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
225 गांवों के 2.25 लाख लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति।
किसानों को सिंचाई और जल संरक्षण परियोजनाओं का लाभ।
युवाओं को आधुनिक आईटीआई और रोजगार के नए अवसर।
यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा।
महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती।
मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और नए अस्पताल का लाभ।