Bageshwar Dham Devotees Car Accident: छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दौरिया गांव के पास तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर पलट गई। करीब 25 फीट दूर जाकर एक खेत में जा गिरी। कार में सवार दो श्रद्धालु बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की वजह कार चालक को आई नींद की झपकी बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नौगांव अस्पताल भेजा गया।
घायल व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी कब्जे में लिया है।
दतिया के रहने वाले थे दोनों श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 52 वर्षीय रामगोपाल शर्मा के रूप में हुई है, जबकि 30 वर्षीय नवनीत शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों श्रद्धालु दतिया जिले के निवासी थे। मंगलवार को बागेश्वर धाम दर्शन के लिए आए थे।
बुधवार सुबह वापस लौटते समय दौरिया गांव के पास यह हादसा हो गया।
नौगांव थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि कार चलाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन बेकाबू होकर पलट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।