Rani Durgavati Airport: जबलपुर। वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब जबलपुर एयरपोर्ट को वीरांगना रानी दुर्गावती एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। इस घोषणा के साथ लंबे समय से चली आ रही मांग को भी बल मिला है।
बलिदान दिवस कार्यक्रम में किया ऐलान
वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती केवल एक महान योद्धा ही नहीं थीं, बल्कि उन्होंने सुशासन, जल प्रबंधन और जनकल्याण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने अकबर की सेना को तीन बार पराजित कर अपने अदम्य साहस का परिचय दिया था।
लंबे समय से उठ रही थी नाम बदलने की मांग
जबलपुर एयरपोर्ट का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह भी किया था। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से चर्चा कर इस दिशा में कदम बढ़ाने का भरोसा दिया था।
रानी दुर्गावती के नाम पर बनेगा चिड़ियाघर
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने जबलपुर और संग्रामपुर में कैबिनेट बैठकों का आयोजन कर रानी दुर्गावती के योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही क्षेत्र में एक नए चिड़ियाघर (जू) का निर्माण किया जाएगा, जिसका नाम भी वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखा जाएगा।
फ्लाईओवर को भी मिला नाम
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर ब्रिज का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वीरांगना रानी दुर्गावती की स्मृतियों को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों तक उनके शौर्य की गाथा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।