Chambalkichugli.com

रफ्तार ने छीनी खुशियां: भिंड में भीषण सड़क दुर्घटना, 3 की मौत और 1 गंभीर घायल


नई दिल्ली । भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। नेशनल हाईवे 552 पर तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार चार युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसे ग्वालियर रेफर किया गया है।

घटना करीब दोपहर 1:30 बजे किशोर सिंह का पुरा गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 112 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल रौन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिंड रेफर किया गया।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। चौथा युवक अभी भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है, जिसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया जा रहा है।

खबर लिखे जाने तक मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त में जुटी हुई है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

उमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। तीन युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक का इलाज जारी है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और बस चालक की तलाश की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे सड़क हादसों की गंभीरता को उजागर करता है, जिसने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Popular News