Morena Honey Trap: मध्यप्रदेश। मुरैना जिले के जौरा में एक फर्नीचर कारोबारी को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर बंधक बनाने और 10 लाख रुपए की मांग करने का मामला सामने आया है। बता दें कि मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनम कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी सहयोगी मीरा कुशवाह अभी फरार है।
पीड़ित कारोबारी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे ने बताया कि उनकी मुलाकात करीब तीन महीने पहले सोनम कुशवाह से एक कार्यक्रम में हुई थी। 10 मई को सोनम उनके शोरूम पहुंची और फर्नीचर व एसी खरीदने की बात कही। बाद में उसने एसी की साइट विजिट के बहाने उन्हें अपने घर बुलाया और दरवाजा बंद कर लिया।

मैं पेट्रोल डलवाने गया, तब तक सेठजी गायब हो चुके थे
कारोबारी के साथ गए टेक्नीशियन आदिल ने बताया, हम दोनों शाम को सोनम के बताए पते पर पहुंचे थे। मैं पेट्रोल डलवाने चला गया। जब वापस लौटा तो सेठजी वहां नहीं थे। मैंने कई बार फोन लगाया, लेकिन उनका मोबाइल बंद आ रहा था।
आदिल ने बताया कि काफी देर इंतजार करने के बाद उसने परिवार और दुकान के कर्मचारियों को जानकारी दी, जिसके बाद तलाश शुरू की गई।
कमरे में ले जाकर बाहर से लगा दी कुंडी
रमेश शिवहरे का आरोप है कि सोनम उन्हें एक मकान में ले गई, जहां पहले से एक महिला मौजूद थी। परिचय कराने के बाद उन्हें एक कमरे में ले जाया गया और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद दो युवक वहां पहुंचे और मुझसे 10 लाख रुपए मांगने लगे। आरोपियों ने कहा कि रुपए नहीं दिए तो झूठे मामले में फंसा देंगे।
इस बोतल में केमिकल है, इसे पी और कपड़े उतार कर लेट जा
कारोबारी ने बताया की आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और धमकियां दीं।
रमेश शिवहरे ने कहा- वे एक बोतल लेकर आए और बोले इसमें केमिकल है, इसे पी और कपड़े उतारकर पलंग पर लेट जा। मैंने विरोध किया तो डंडे से मारपीट शुरू कर दी। मेरी सोने की अंगूठी और जेब में रखे 5 हजार रुपए भी उन लोगों ने छीन लिए।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने लगातार 10 लाख रुपए की मांग की और रुपए नहीं देने पर मुझे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
अन्य आरोपी – अगर कुछ नहीं दे रहा तो यहां ले आओ
कारोबारी ने बताया कि आरोपी उन्हें किसी अन्य स्थान पर ले जाने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान उन्होंने किसी व्यक्ति को फोन लगाया।
फोन पर सामने वाला व्यक्ति कह रहा था कि अगर कुछ नहीं दे रहा तो यहां ले आओ, बलात्कार का मामला दर्ज करा देंगे।
तलाश शुरू हुई तो घबराकर भागे आरोपी
इधर कारोबारी का फोन बंद मिलने पर परिवार, व्यापारी और परिचित उनकी तलाश में जुट गए। कई लोग उस इलाके में पहुंच गए जिससे आरोपी घबरा गए।
रमेश शिवहरे ने बताया- इसके बाद आरोपी कहने लगे कि गड़बड़ हो गई है, जल्दी निकलो। बाहर लोग तलाश कर रहे हैं और पुलिस भी आ सकती है। इसके बाद वे मुझे छोड़कर भाग गए।
सिंधु जल संधि पर भारत का सख्त संदेश, आतंकवाद बंद होने तक पाकिस्तान को नहीं मिलेगी कोई राहत
बस से भागने की कोशिश में गिरफ्तार हुई सोनम
एसडीओपी नितिन बघेल ने बताया कि मुख्य आरोपी सोनम कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी महिला बस से शहर छोड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।