Bhind Accident: भिंड। एमपी-यूपी बॉर्डर क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद शहर का माहौल गरमा गया है। जहां दबोह के कोंच रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी और सड़क पर जाम लगा दिया।
आमहा गांव के पास हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश के जालौन में रहने वाले हिम्मत रजक अपने परिजनों के साथ बाइक से दबोह आ रहा था। सुबह करीब 10 बजे आमहा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार हिम्मत रजक और उसके चाचा दिनेश रजक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के कुछ ही मिनट बाद हिम्मत ने दम तोड़ दिया, जबकि दिनेश का इलाज जारी है।
Morena Accident: सरकारी पार्क की जमीन बनी मौत का जाल, दलदल में डूबकर महिला की मौत
मौत की खबर मिलते ही भड़के ग्रामीण
घटना की सूचना मृतक के गांव पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और हादसे के जिम्मेदार डंपर में भी आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जल गया।
डंपर पर लिखा था भाजपा नेता की फर्म का नाम
घटना के बाद लोगों का ध्यान डंपर पर लिखे नाम की ओर गया। वाहन पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष रावसाहब गुर्जर की फर्म का नाम लिखा हुआ था। हालांकि रावसाहब गुर्जर ने वाहन से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया।
भाजपा नेता ने क्या कहा?
रावसाहब गुर्जर- यह डंपर मेरा नहीं है, लोग अक्सर प्रभाव दिखाने या परेशानी से बचने के लिए नाम लिख लेते हैं। मेरी कोई रजिस्टर्ड फर्म भी नहीं है।
ड्राइवर को किया गिरफ्तार
दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया कि डंपर चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं सड़क जाम करने और डंपर में आग लगाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।