Gwalior Teacher Accused: मध्यप्रदेश। ग्वालियर के शासकीय कॉलेज में महिला शिक्षिका के साथ बदसलूकी और मारपीट करने का खतरनाक मामला सामने आया है। जहां एमएड प्रशिक्षण ले रही शिक्षिका है कि कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य आदर्श पंडित ने उन्हें बेरहमी से पीटा और उसके कपड़े तक फाड़ने की कोशिश की।
पीड़िता का कहना है इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आयी और वह बेसूद होकर जमीं पर गिर पड़ी। उनका कहना है कि हमले के कारण उनके मुंह से खून निकलने लगा था। घटना के बाद उन्होंने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया।
ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद
शिक्षिका ने बताया कि वह शासन के निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन अटेंडेंस ले रही थी। लेकिन प्रभारी प्राचार्य उन्हें रजिस्टर में अटेंडेंस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। बस इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। शिक्षिका का दावा है कि कॉलेज परिसर में उनके साथ मारपीट की गई, बाल खींचे गए और कपड़े फाड़ने की कोशिश की गई।
पीड़िता मुरैना जिले में पदस्थ माध्यमिक शिक्षिका हैं। एमएड डिग्री के लिए उन्हें संबंधित कॉलेज में प्रशिक्षण लेना था, लेकिन कॉलेज प्रबंधन ने पहले अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें प्रशिक्षण की अनुमति मिली, लेकिन उनका आरोप है कि इसी वजह से प्रभारी प्राचार्य उनपर नाराज हो गया था।
SP कार्यालय पहुंचकर की शिकायत
घटना के एक दिन बाद शिक्षिका अपने पति के साथ पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना है कि थाने में केवल सामान्य मारपीट का मामला दर्ज किया गया, जबकि उन्होंने महिला उत्पीड़न और अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शिक्षिका घायल हालत में रोती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उनके मुंह से खून निकलता नजर आ रहा है। हालांकि वीडियो में मारपीट की घटना दिखाई नहीं दे रही है, बल्कि उसके बाद की स्थिति रिकॉर्ड की गई है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले को लेकर CSP नागेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा कि महिला शिक्षिका द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और पुलिस दोनों पक्षों के तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।