HIGHLIGHTS:
- प्रायोगिक परीक्षा में 100 रुपए वसूली का आरोप
- स्टाफ को खुलेआम पैसे लेते दिखा वीडियो
- मान्यता निरस्त होने के बाद भी कराई गई परीक्षा
- पहले भी सामने आ चुका है नकल का मामला
- एसडीएम ने जांच के दिए आदेश
BHIND COLLEGE EXAM SCAM: मध्यप्रदेश। भिंड में दबोह नगर के एक निजी महाविद्यालय में प्रायोगिक परीक्षा के दौरान छात्रों से 100-100 रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रों से पास कराने के नाम पर यह रकम ली जा रही थी। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
L&T का धमाका: मुनाफा उछला, ₹38 प्रति शेयर डिविडेंड; ऑर्डर बुक रिकॉर्ड स्तर पर
वीडियो में दिखी खुली वसूली
बताया जा रहा है कि दबोह स्थित दुर्गाप्रसाद सर्राफ महाविद्यालय में बीएससी की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जा रही थी। वायरल वीडियो में छात्र-छात्राएं अपनी प्रायोगिक फाइल के साथ स्टाफ को पैसे देते नजर आ रहे हैं, जबकि कर्मचारी उन पैसों को लेकर जेब में रखते दिखाई दे रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस महाविद्यालय की मान्यता जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा चार दिन पहले ही निरस्त कर दी गई थी। इसके बावजूद कॉलेज में परीक्षा आयोजित की गई, जिससे नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले की जांच की शुरू
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया है। एसडीएम विजय सिंह यादव ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी दबोह में परीक्षा के दौरान गड़बड़ियों के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इस बार वीडियो सामने आने के बाद लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन ठोस कदम उठाएगा। अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और दोषियों पर किस तरह की कार्रवाई की जाती है।