Chambalkichugli.com

अक्षय कुमार से कंगना रनौत तक, जून में बड़े पर्दे पर छाएंगे कई सितारे


नई दिल्ली । साल 2026 की शुरुआत से ही सिनेमाघरों में फिल्मों का शानदार दौर देखने को मिला है। कई बड़ी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई करते हुए दर्शकों का दिल जीता। मई महीने में भी रोमांस, एक्शन और ड्रामा से भरपूर कई फिल्मों ने एंटरटेनमेंट का तगड़ा डोज दिया। अब जून का महीना भी सिनेप्रेमियों के लिए बेहद खास होने जा रहा है, क्योंकि इस महीने एक नहीं बल्कि कई बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्में रिलीज होने को तैयार हैं। कॉमेडी से लेकर लव स्टोरी और देशभक्ति तक हर जॉनर की फिल्म दर्शकों को देखने को मिलेगी।

सबसे पहले 5 जून 2026 को रिलीज होगी है जवानी तो इश्क होना है। मशहूर निर्देशक डेविड धवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक मजेदार कॉमेडी एंटरटेनर बताई जा रही है। फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा मौनी रॉय, मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, राकेश बेदी और चंकी पांडे भी अहम किरदार निभाते दिखेंगे। फिल्म की कहानी जस्स नाम के युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक साथ दो लड़कियों से प्यार हो जाता है।

भारत भाग्य विधाता भी 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। देशभक्ति से भरपूर इस फिल्म को मनोज तापड़िया ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म में कंगना रनौत लीड रोल में दिखाई देंगी। उनके साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे।

इसी दिन यानी 12 जून को मैं वापस आऊंगा भी रिलीज होगी। निर्देशक इम्तियाज अली की यह रूहानी लव स्टोरी पहले से ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में वेदांग रैना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे।

19 जून 2026 को रिलीज होगी कॉकटेल 2, जिसका दर्शकों को लंबे समय से इंतजार है। निर्देशक होमी अदजानिया की इस फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी लव ट्रायंगल पर आधारित बताई जा रही है।

जून महीने का सबसे बड़ा धमाका 26 जून को होने वाला है, जब वेलकम टू द जंगल रिलीज होगी। निर्देशक अहमद खान की इस मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, दिशा पटानी, लारा दत्ता, जैकलिन फर्नांडिस, परेश रावल, अरशद वारसी, जॉनी लीवर और राजपाल यादव समेत 20 से ज्यादा कलाकार एक साथ नजर आने वाले हैं।

जून 2026 में रिलीज होने वाली ये फिल्में दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देने के लिए तैयार हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ा धमाका करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Popular News