। बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर का प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस अब हिंदी सिनेमा के साथ-साथ क्षेत्रीय फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रहा है। इस बार कंपनी गुजराती फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करने की तैयारी में है।
धर्मा प्रोडक्शंस ने वार्ताकार फिल्म्स के साथ साझेदारी की है और दोनों मिलकर अपकमिंग फिल्म ‘ज़िंदगी वन्स मोर’ पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि इसका निर्माण वार्ताकार फिल्म्स ने किया है। फिल्म का निर्देशन जयमिन ने किया है और इसे वासु ढोलकिया ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म ‘ज़िंदगी वन्स मोर’ में सिद्धार्थ रंदेरिया मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि आरती पटेल भी अहम किरदार में नजर आएंगी। यह फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
कहानी की बात करें तो यह एक भावनात्मक ड्रामा है, जो पिता और पुत्र के रिश्ते पर आधारित है। फिल्म इस सच्चाई को उजागर करती है कि बच्चे अक्सर अपने पिता के अतीत और उनके जीवन के संघर्षों को पूरी तरह समझ नहीं पाते। इसे फादर्स डे वीकेंड से पहले रिलीज किया जाएगा, जिससे इसकी भावनात्मक अपील और बढ़ जाती है।
यह फिल्म जयमिन के निर्देशन में पहली फिल्म होगी। वहीं स्क्रीनप्ले दीप ढोलकिया ने लिखा है, जो इस फिल्म के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी डेब्यू कर रहे हैं। उनके साथ जाह्नवी ढकन भी स्क्रीन पर नजर आएंगी।
धर्मा प्रोडक्शंस के सीईओ अपूर्व मेहता ने कहा कि अच्छी कहानियों की कोई भाषा सीमा नहीं होती और गुजराती फिल्म इंडस्ट्री में इस समय रचनात्मकता और दर्शकों का मजबूत समर्थन देखने को मिल रहा है। इसी वजह से कंपनी इस क्षेत्रीय सिनेमा का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित है।