समंदर में उतरा दुनिया का सबसे बड़ा रॉकेट, स्टारशिप टेस्ट के बाद स्पेसएक्स और नासा में जश्न का माहौल

नई दिल्ली । अंतरिक्ष तकनीक की दुनिया में एक बार फिर इतिहास रचते हुए Elon Musk की कंपनी SpaceX ने अपने महत्वाकांक्षी स्टारशिप V3 रॉकेट का सफल परीक्षण कर लिया है। दुनिया के सबसे बड़े और अत्याधुनिक रॉकेट सिस्टम माने जा रहे स्टारशिप के इस नए संस्करण ने अंतरिक्ष मिशनों की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। हालांकि परीक्षण के दौरान इंजन से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई, लेकिन इसके बावजूद रॉकेट हिंद महासागर में सफलतापूर्वक उतरा, जिसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। स्टारशिप V3 का यह परीक्षण स्पेसएक्स के लिए बेहद अहम था क्योंकि यह इस सीरीज की नई पीढ़ी का पहला टेस्ट था। भारतीय समयानुसार सुबह लॉन्च किए गए इस रॉकेट ने उड़ान के दौरान कई महत्वपूर्ण तकनीकी चरण सफलतापूर्वक पूरे किए। मिशन के बाद अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने भी इस उपलब्धि की जमकर सराहना की और इसे भविष्य के चंद्रमा और मंगल मिशनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। स्टारशिप सिस्टम में ऊपरी हिस्से को स्पेसक्राफ्ट और निचले हिस्से को सुपर हेवी बूस्टर कहा जाता है। दोनों को मिलाकर “स्टारशिप” नाम दिया गया है। इसकी कुल ऊंचाई लगभग 403 फीट बताई जा रही है, जो इसे दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे शक्तिशाली रॉकेट सिस्टम बनाती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह रीयूजेबल यानी दोबारा इस्तेमाल किया जा सकने वाला सिस्टम है, जिससे अंतरिक्ष मिशनों की लागत को काफी कम किया जा सकता है। नासा पहले ही घोषणा कर चुका है कि भविष्य के आर्टेमिस मिशन में स्टारशिप को ह्यूमन लैंडिंग सिस्टम के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। इसी तकनीक के जरिए अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। लंबे समय से इंसानों को दोबारा चांद पर भेजने की योजना पर काम कर रही नासा के लिए यह टेस्ट नई उम्मीद लेकर आया है। हालांकि मिशन के अंतिम चरण में रॉकेट समुद्र में उतरने के बाद तेज धमाके के साथ फट गया, लेकिन वैज्ञानिकों के मुताबिक परीक्षण का मुख्य उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया। अंतरिक्ष विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के परीक्षण भविष्य में मानव मिशनों को सुरक्षित और अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। नासा अधिकारियों ने कहा कि स्टारशिप की टेस्टिंग के दौरान हॉट स्टेजिंग, ऑर्बिटल ऑपरेशन और बूस्टर प्रदर्शन जैसे कई महत्वपूर्ण लक्ष्य पूरे हुए हैं। एजेंसी का मानना है कि अगर यह तकनीक पूरी तरह सफल होती है तो आने वाले वर्षों में यही सिस्टम इंसानों को मंगल ग्रह तक पहुंचाने का आधार बन सकता है। इस उपलब्धि के बाद अंतरिक्ष जगत में उत्साह का माहौल है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्टारशिप की सफलता केवल अमेरिका ही नहीं बल्कि पूरी मानव सभ्यता के अंतरिक्ष भविष्य के लिए एक बड़ा संकेत है। आने वाले समय में यह तकनीक अंतरिक्ष यात्रा को पहले से कहीं ज्यादा आसान और सस्ता बना सकती है।
लू और गर्म हवाओं से बेहाल लोग, बाजार-सड़कों पर पसरा सन्नाटा

मध्यप्रदेश । शाजापुर जिले में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है। शनिवार को जिले का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। तेज धूप और झुलसा देने वाली लू के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कें और बाजार सुनसान नजर आए। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्म हवाओं का असर इतना ज्यादा है कि दोपहर में बाजारों में भी सामान्य दिनों जैसी चहल-पहल दिखाई नहीं दे रही। दुकानदारों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण ग्राहकों की संख्या में भारी कमी आई है। दिनभर चलने वाली लू के बाद रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। रात के समय भी गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे घरों में कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं। कई इलाकों में लोग रातभर गर्मी और उमस के कारण सो नहीं पा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पतालों में भी गर्मी से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। भीषण गर्मी का असर सार्वजनिक स्थानों पर साफ दिखाई दे रहा है। बस स्टैंड, बाजार, चौराहे और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाके दोपहर के समय लगभग खाली नजर आ रहे हैं। लोग धूप से बचने के लिए सिर और चेहरे को कपड़े से ढंककर बाहर निकल रहे हैं। कई लोग अपने साथ पानी की बोतल और ग्लूकोज रखकर चल रहे हैं ताकि लू से बचाव किया जा सके। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलने के संकेत दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में फिलहाल गिरावट की संभावना कम है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। सुबह और शाम के समय ही लोग बाजारों में खरीदारी के लिए निकल रहे हैं। दोपहर के समय शहर मानो थम सा जाता है। गर्मी का असर बिजली खपत पर भी दिखाई दे रहा है, जिससे कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।
चीन की कोयला खदान में भीषण विस्फोट, 90 मजदूरों की मौत, सैकड़ों लोग थे अंदर मौजूद

नई दिल्ली ।मध्य चीन के Shanxi province में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी है, जिसमें अब तक कम से कम 90 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब खदान के भीतर 247 मजदूर काम कर रहे थे और अचानक हुए धमाके ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्फोट से पहले खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हो गया जिससे स्थिति बेहद गंभीर बन गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा Qinyuan County क्षेत्र में स्थित खदान में हुआ, जो राजधानी बीजिंग से लगभग 520 किलोमीटर दूर है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि खदान के भीतर मौजूद कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल सका। राहत और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अभियान शुरू किया, लेकिन अंदर फंसे लोगों को निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी एजेंसियों के अनुसार अब तक कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और बचाव कार्य लगातार जारी है। इस घटना को पिछले एक दशक में खनन क्षेत्र का सबसे बड़ा हादसा माना जा रहा है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और खनन उद्योग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने में जुटी हैं, जबकि विशेषज्ञों को आशंका है कि अंदर की परिस्थितियां अभी भी बेहद खतरनाक बनी हुई हैं। Xi Jinping ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि लापता लोगों की खोज में कोई भी कोताही नहीं बरती जानी चाहिए और हादसे के कारणों की गहन जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। सरकारी स्तर पर यह भी कहा गया है कि इस घटना से सीख लेकर खनन सुरक्षा नियमों को और सख्त बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसे बड़े हादसों को रोका जा सके। वर्तमान में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और सभी एजेंसियां मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही हैं।
अंडरग्राउंड फिटिंग के तार काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

मध्यप्रदेश । शाजापुर शहर में इन दिनों बिजली तार चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर चोरों ने निर्माणाधीन मकानों से लेकर शासकीय स्कूल तक को निशाना बनाते हुए अंडरग्राउंड बिजली फिटिंग के तार चोरी कर लिए। लगातार सामने आई तीन वारदातों ने पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मामले में कोतवाली पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पहली घटना 22 मई को शहर के सरदार पटेल हॉस्पिटल के पीछे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में हुई। मकान मालिक अमित कुमार नायक ने पुलिस को शिकायत में बताया कि अज्ञात बदमाश रात के समय मकान में घुसे और बिजली फिटिंग के लिए डाले गए तार काटकर चोरी कर ले गए। चोरी का पता सुबह काम पर पहुंचे लोगों को चला, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी दिन दूसरी वारदात विराज सिटी इलाके में सामने आई। यहां विजय कुमार गामी के निर्माणाधीन मकान को चोरों ने निशाना बनाया। बताया गया कि देर रात आरोपी मकान में घुसा और अंडरग्राउंड वायरिंग के बिजली तार काटकर उन्हें बोरी में भरने लगा। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने लक्ष्मीनगर निवासी सोनू खान को आरोपी बनाया है। लगातार हो रही चोरियों के बीच तीसरी घटना ने सभी को चौंका दिया। बदमाशों ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय महुपुरा में भी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। स्कूल के ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे और बिजली बोर्ड तथा वायरिंग को नुकसान पहुंचाते हुए तार चोरी कर ले गए। स्कूल प्रबंधन ने घटना की शिकायत पुलिस को सौंप दी है। तीन वारदातों के बाद सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध सोनू खान को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या अन्य घटनाओं में भी उसका हाथ है। पुलिस का मानना है कि चोरी की इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो निर्माणाधीन मकानों और कम सुरक्षा वाले सरकारी भवनों को निशाना बना रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से भय का माहौल बन गया है। खासकर निर्माणाधीन मकानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का फायदा चोर उठा रहे हैं। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे इलाकों में निगरानी मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।
विदिशा सड़क हादसे में मातम, खेत जा रहे किसानों और मजदूरों से भरी ट्रॉली पलटी

मध्यप्रदेश । विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मूंग की फसल काटने जा रहे मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक किसान और एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि बच्चों सहित 20 अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह हादसा सुबह करीब 6 बजे बीना रोड पर लायरा और मलियाखेड़ा गांव के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, जो खेतों में मूंग की कटाई करने जा रहे थे। इनमें कई प्रवासी मजदूर भी शामिल थे। मजदूरों के साथ उनके छोटे-छोटे बच्चे भी ट्रॉली में मौजूद थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि लोग ट्रॉली के नीचे दब गए और कई लोग दूर जाकर गिरे। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही कुरवाई थाना प्रभारी आरके मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। सभी घायलों को तत्काल कुरवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 55 वर्षीय किसान ऋषभ साहू उर्फ ऋषि और 65 वर्षीय मजदूर दरबारी कौल को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में घायल 20 वर्षीय दिव्या कोल और 35 वर्षीय रजनी कोल की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। वहीं अन्य 18 घायलों का इलाज कुरवाई अस्पताल में जारी है। घायलों में कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनके घायल होने से अस्पताल का माहौल बेहद भावुक हो गया। पुलिस प्रशासन अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह लगातार निगरानी बनाए हुए है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि वाहन की गति, सड़क की स्थिति और तकनीकी खराबी जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर खेतों में काम के लिए असुरक्षित तरीके से मजदूरों को ढोने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण इलाकों में मजदूरों और बच्चों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाना आम बात है, लेकिन यही लापरवाही कई बार जानलेवा साबित हो रही है।
गहरे पानी में जाने से हादसा, परिवार के इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत

मध्यप्रदेश । विदिशा की बेतवा नदी गुरुवार सुबह एक परिवार की खुशियां अपने साथ बहा ले गई। एसएटीआई कॉलेज में पढ़ाई कर रहे 21 वर्षीय छात्र सहज उर्फ श्रवण तले की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने दो दोस्तों के साथ बेतवा नदी के बड़े घाट पर नहाने गया था। कुछ ही पलों में मौज-मस्ती का माहौल मातम में बदल गया और परिवार का इकलौता बेटा हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया। हरदा निवासी सहज तले विदिशा के दुर्गा नगर इलाके में किराए के कमरे में रहकर एसएटीआई कॉलेज में सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ बेतवा नदी पहुंचा था। बताया गया कि तीनों दोस्त घाट की सीढ़ियों के पास नहा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक साथ पानी में डुबकी लगाई। दो दोस्त तो सुरक्षित बाहर आ गए, लेकिन सहज गहरे पानी में चला गया और वापस ऊपर नहीं आ सका। दोस्तों ने जब सहज को पानी से बाहर नहीं आते देखा तो घबराकर शोर मचाया। घाट पर मौजूद लोगों और गोताखोरों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। सूचना मिलते ही होमगार्ड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। करीब पांच मिनट तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के मामा विशाल चौधरी ने बताया कि सहज पढ़ाई में बेहद होशियार था और परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। उसके पिता निजी नौकरी करते हैं और सामान्य आर्थिक स्थिति में बेटे को पढ़ा रहे थे। सहज परिवार का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी एक बहन है। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामा विशाल चौधरी ने लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब या अन्य जल स्रोतों में नहाने से पहले उसकी गहराई और सुरक्षा की जानकारी जरूर लें। उन्होंने कहा कि बिना जानकारी और सावधानी के पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। वहीं, कोतवाली एएसआई मोहम्मद शाहिद ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा गहरे पानी में चले जाने की वजह से हुआ माना जा रहा है।
मध्यप्रदेश में नकली मेडिकल डिग्री का बड़ा खुलासा, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

मध्यप्रदेश । सीहोर जिले में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने प्रदेशभर में फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार कर बेचने वाले एक संगठित रैकेट का खुलासा करते हुए इसके मुख्य सरगना हीरा सिंह कौशल को गिरफ्तार किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी खुद स्वास्थ्य विभाग में सरकारी कर्मचारी है और बिलकिसगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रेडियोग्राफर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने अपनी सरकारी नौकरी और विभागीय नेटवर्क का फायदा उठाकर कई अयोग्य लोगों को फर्जी डिग्रियों के जरिए डॉक्टर बनवाया और उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित संजीवनी क्लीनिकों में नौकरी तक दिला दी। पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, हीरा सिंह लंबे समय से पूरे मध्य प्रदेश में फर्जी मेडिकल डिग्रियों का नेटवर्क चला रहा था। वह मोटी रकम लेकर लोगों को नकली डिग्रियां उपलब्ध कराता था, जिनके आधार पर सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नियुक्तियां कराई जाती थीं। इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और नियुक्ति प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने 12 से अधिक ऐसे लोगों के नाम कबूल किए हैं, जिन्होंने उससे फर्जी डिग्रियां खरीदी थीं और डॉक्टर के रूप में काम कर रहे थे। पुलिस अब इन सभी की तलाश में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या स्थानीय स्तर पर भी बड़े पैमाने पर फर्जी डिग्रियां बांटी गई थीं। मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। बिलकिसगंज CHC के प्रभारी डॉ. नीरज कुमार डागोर ने बताया कि आरोपी हीरा सिंह संस्थान में रेडियोग्राफर के पद पर पदस्थ था और उसने एक तारीख से छुट्टी का आवेदन दिया हुआ था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है और अभी तक विभाग को इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस रैकेट से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की साख पर लगे इस दाग ने प्रदेश में सरकारी नियुक्तियों और मेडिकल प्रमाणपत्रों की सत्यता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
स्कूल में रेकी के आरोप में युवक गिरफ्तार, वीआईटी कॉलेज का सुरक्षाकर्मी निकला

मध्यप्रदेश । सीहोर जिले के अमलाहा स्थित एक पब्लिक स्कूल में संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया है। स्कूल परिसर में बाउंड्री वॉल कूदकर घुसने, घंटों तक घूमने और बाद में गेट का ताला तोड़कर फरार होने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भोपाल के रातीबड़ निवासी विकास मारण के रूप में हुई है, जो कोठरी स्थित वीआईटी कॉलेज में सुरक्षाकर्मी के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 329(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमलाहा पब्लिक स्कूल के संचालक दीपक जायसवाल ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 मई को दिल्ली से लौटने के बाद उन्होंने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में एक संदिग्ध युवक 16 मई की शाम करीब 6:31 बजे स्कूल की बाउंड्री कूदकर अंदर घुसता दिखाई दिया। आरोपी काफी देर तक स्कूल परिसर में घूमता रहा और बाद में गेट का ताला तोड़कर वहां से स्कूटी लेकर निकल गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने उसी दिन सुबह करीब 11 बजे बिना अनुमति स्कूल परिसर में अपनी स्कूटी खड़ी की थी। इसके बाद वह कहीं चला गया था। शाम को जब स्कूल का सुरक्षा गार्ड विनोद वर्मा मुख्य गेट के छोटे फाटक पर ताला लगाकर चाय पीने गया, तब आरोपी ने मौके का फायदा उठाया। गार्ड के लौटने पर फाटक का ताला टूटा मिला और स्कूटी भी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल संचालक ने अपने स्तर पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान विकास मारण के रूप में हुई। संचालक ने आरोप लगाया कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की नीयत से स्कूल की रेकी करने आया था। उनका कहना है कि जिस तरह आरोपी लंबे समय तक परिसर में घूमता रहा, उससे उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होती हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमलाहा पुलिस चौकी ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्कूल परिसर में घुसने के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी और क्या वह किसी अन्य वारदात की योजना बना रहा था। पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज को अहम साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।
सीहोर में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुली, बीच रास्ते बंद हुई 108 एंबुलेंस

मध्यप्रदेश । सीहोर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल तस्वीर सामने आई है, जहां मरीजों की जान बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली 108 आपातकालीन एंबुलेंस खुद लोगों के सहारे चल रही हैं। तकनीकी खराबी और मेंटेनेंस की कमी के चलते ये एंबुलेंस अस्पताल परिसर से लेकर नेशनल हाईवे तक बीच रास्ते बंद हो जा रही हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई बार राहगीरों और स्थानीय लोगों को एंबुलेंस में धक्का लगाकर उसे दोबारा चालू करना पड़ रहा है। आमतौर पर सड़क पर एंबुलेंस का सायरन सुनते ही लोग तुरंत रास्ता खाली कर देते हैं, क्योंकि उसमें किसी गंभीर मरीज की जिंदगी दांव पर लगी होती है। लेकिन सीहोर में हालात उलट नजर आ रहे हैं। यहां जीवन बचाने वाली एंबुलेंस खुद सड़क पर लाचार खड़ी दिखाई दे रही हैं। वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में लोग एंबुलेंस को धक्का लगाते नजर आ रहे हैं, जिसने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर किसी गंभीर मरीज, गर्भवती महिला या घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस बीच रास्ते बंद हो जाए, तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है। समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीज की जान तक जा सकती है। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब आपातकालीन सेवा देने वाले वाहन ही सुरक्षित और सक्षम नहीं हैं, तो मरीजों की जिंदगी की जिम्मेदारी कौन लेगा। इस मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस के रखरखाव और मरम्मत के नाम पर हर साल बजट खर्च होता है, फिर भी वाहन जर्जर हालत में क्यों हैं। कई लोगों ने इस पूरे मामले में बजट के दुरुपयोग और लापरवाही की जांच की मांग भी उठाई है। हालांकि जिला अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज नहीं किया, लेकिन दावा किया है कि सभी एंबुलेंस का समय-समय पर मेंटेनेंस कराया जाता है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि तकनीकी खराबियां कभी-कभी अचानक सामने आ जाती हैं, जिन्हें तुरंत ठीक करने का प्रयास किया जाता है। इसके बावजूद सड़क पर धक्का खाती एंबुलेंस की तस्वीरें स्वास्थ्य व्यवस्था की सच्चाई बयां कर रही हैं। आम लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो किसी दिन यह लापरवाही बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।
नाले की सफाई पर विवाद बढ़ा, पार्षद ने प्रशासन को दी सात दिन की मोहलत

मध्यप्रदेश । सीहोर जिले के इछावर नगर में गंदे नाले की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद जुनैद खान ने नगर परिषद प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सात दिन के भीतर नाले की सफाई और निर्माण कार्य पूरा करने की चेतावनी दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो वार्डवासी नाले की गंदगी निकालकर सीधे नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर डालेंगे। शनिवार को पार्षद जुनैद खान नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि नगर के बीचोंबीच गुजरने वाला यह नाला लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। पूरे शहर का दूषित पानी और गंदगी इसी नाले में बहती है, लेकिन इसके बावजूद सफाई और निर्माण कार्य को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। पार्षद ने आरोप लगाया कि नाले का निर्माण कार्य काफी समय पहले शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। नतीजतन नाला कीचड़, मलबे और सड़ी हुई गंदगी से पूरी तरह भर चुका है। जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से हालात और खराब हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले से उठने वाली तेज दुर्गंध के कारण आसपास रहना मुश्किल हो गया है। दिनभर बदबू फैलने से लोगों को परेशानी हो रही है, वहीं मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। वार्डवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन सिर्फ आश्वासन देता रहा, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्षद जुनैद खान ने कहा कि नगर परिषद यदि सात दिनों के भीतर सफाई और निर्माण कार्य पूरा नहीं करती, तो जनता के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सेहत और सुविधा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पूरे मामले के बाद नगर परिषद प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन तय समय में कार्रवाई करता है या फिर वार्डवासियों का विरोध प्रदर्शन शहर में बड़ा मुद्दा बनता है।