Datiya by election: मध्यप्रदेश। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नामांकन से पहले आशुतोष तिवारी मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ पीतांबरा पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन कर जीत का आशीर्वाद लिया। इसके बाद समर्थकों के साथ रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया।
हेमंत खंडेलवाल ने किया जीत का दावा
नामांकन के बाद भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा दतिया उपचुनाव भारी बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार के विकास कार्य और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा दतिया में कराए गए विकास कार्यों के आधार पर पार्टी जनता के बीच जाएगी।
योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल 182 पीसीएस अधिकारियों के तबादले से यूपी की नौकरशाही में मचा हलचल
भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा
जनसभा में सबसे पहले पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाषण के दौरान वे भावुक हो गए और कुछ समय के लिए रुक गए। मंच पर मौजूद नेताओं ने उन्हें संभाला।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ‘इस बार दतिया में मुकाबला रंक और राजा के बीच है। एक तरफ अरबों के मालिक हैं और दूसरी तरफ भाजपा के आशुतोष तिवारी हैं, जिन्होंने बचपन में ही देश सेवा का रास्ता चुना।
30 जुलाई को होगा मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों उम्मीदवार अब मैदान में हैं। 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।