UJJAIN WORLD FOREST ZOO: उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन को बड़ी सौगात मिलने वाली है। जिसके तहत नवलखी क्षेत्र में लगभग 200 हेक्टेयर जमीन पर वर्ल्ड क्लास फॉरेस्ट जू बनाने की तैयारियां की जा रही है।
इस परियोजना में 300 से भी ज्यादा वन्यजीवों को प्राकृतिक एरिया में रखा जायेगा, ताकि पर्यटक भी उन्हें बिना किसी व्यवधान के करीब से देख सकें।
परियोजना को केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) से इन-प्रिंसिपल मंजूरी मिल चुकी है। अब प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है।
पहले चरण में बनेगा ‘इंडिया फॉरेस्ट ज़ोन’
फॉरेस्ट जू को दो चरणों में तैयार किया जाएगा। पहले चरण में करीब 60 हेक्टेयर क्षेत्र में ‘इंडिया फॉरेस्ट ज़ोन’ बनाया जाएगा। यहां भारत में पाए जाने वाले वन्यजीवों को प्राकृतिक माहौल में रखा जाएगा।
यहीं ड्राइव-थ्रू सफारी भी शुरू की जाएगी, जहां पर्यटक अपने वाहन या सफारी वाहन में बैठकर शेर, हिरण और अन्य वन्यजीवों को बेहद करीब से देख सकेंगे।
दूसरे चरण में दिखेगी दुनिया के जंगलों की झलक
परियोजना के दूसरे चरण में ‘फॉरेस्ट ऑफ द वर्ल्ड’ तैयार किया जाएगा। इसमें अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका और दक्षिण-पूर्व एशिया के जंगलों में पाए जाने वाले वन्यजीवों को शामिल किया जायेगा।
यानी उज्जैन आने वाले लोगों को एक ही जगह भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के वन्यजीव देखने का मौका मिलेगा।
ग्रीन ओवरब्रिज और अंडरपास भी बनेंगे
वन्यजीवों की आवाजाही सुरक्षित रहे, इसके लिए फॉरेस्ट जू क्षेत्र में 35 मीटर चौड़ा ग्रीन ओवरब्रिज और एक अंडरपास बनाया जाएगा।
ओवरब्रिज पर पैदल चलने वालों और इलेक्ट्रिक सफारी वाहनों के लिए अलग रास्ते होंगे। वहीं, पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ लगाए जाएंगे, ताकि जंगल जैसा प्राकृतिक वातावरण बना रहे।